HomeUttarakhandAlmoraरानीखेत कोतवाली में महिला दिवस पर ‘भारतीय नारी टू नारायणी’ कार्यक्रम

रानीखेत कोतवाली में महिला दिवस पर ‘भारतीय नारी टू नारायणी’ कार्यक्रम

ADVERTISEMENTS

महिलाओं के अधिकारों और सुरक्षा पर हुई विस्तृत चर्चा

सीएनई रिपोर्टर, रानीखेत। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर थाना कोतवाली रानीखेत में ‘भारतीय नारी टू नारायणी’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महिलाओं के सशक्तिकरण, सुरक्षा और समाज में उनकी भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं और स्थानीय लोगों की भागीदारी रही।

रविवार को आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ अल्मोड़ा के पुलिस अधीक्षक हरवंश सिंह ने किया। उन्होंने उपस्थित महिलाओं को महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महिलाएं किसी भी राष्ट्र की प्रगति और मजबूती की आधारशिला होती हैं। उनके योगदान से ही एक सशक्त और समृद्ध समाज का निर्माण संभव होता है। उन्होंने कहा कि महिलाएं न केवल परिवार का संचालन करती हैं बल्कि आने वाली पीढ़ियों को शिक्षा, संस्कार और प्रेरणा देकर उन्हें सफलता के मार्ग पर अग्रसर भी करती हैं।

एसपी हरवंश सिंह ने देश की प्रसिद्ध महिलाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और अंतरिक्ष यात्री कल्पना चावला जैसी महिलाओं ने अपनी प्रतिभा और साहस से पूरी दुनिया में भारत का नाम रोशन किया है। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में राजनीति में भी महिलाओं की भागीदारी बढ़ने जा रही है और संसद में महिलाओं को 33 प्रतिशत प्रतिनिधित्व देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है।

उन्होंने समाज में बढ़ती नशाखोरी और महिलाओं के साथ होने वाले अत्याचारों पर चिंता जताते हुए कहा कि ऐसे मामलों में महिलाएं बिल्कुल भी चुप न रहें। यदि किसी युवक द्वारा नशे का सेवन किया जाता है या महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार किया जाता है, तो इसकी सूचना तुरंत महिला हेल्प डेस्क के नंबर 1090 पर दी जा सकती है। पुलिस द्वारा पहले चरण में ऐसे मामलों में काउंसलिंग के माध्यम से संबंधित व्यक्तियों को जागरूक करने का प्रयास किया जाता है।

कार्यक्रम को आगे बढ़ाते हुए कोतवाली प्रभारी भुवन चंद्र जोशी ने भी महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा और कानून से जुड़े विभिन्न पहलुओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि समाज में महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना पुलिस की प्राथमिकता है।

इस दौरान उपनिरीक्षक हेमा कार्की ने महिलाओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि प्रत्येक महिला को अपने मोबाइल फोन में गौरा शक्ति एप अवश्य डाउनलोड करना चाहिए। इस एप के माध्यम से किसी भी आपात स्थिति में पुलिस को तुरंत सूचना भेजी जा सकती है, जिससे समय रहते सहायता मिल सके।

हेमा कार्की ने सरल शब्दों में महिलाओं को समझाते हुए कहा कि किसी भी महिला को समाज में डरकर रहने की आवश्यकता नहीं है। यदि उनके साथ किसी प्रकार का अन्याय या उत्पीड़न होता है तो वे निःसंकोच महिला हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज करा सकती हैं। उन्होंने यह भी बताया कि महिलाओं की शिकायतों को गोपनीय रखा जाता है और उन पर त्वरित कार्रवाई की जाती है।

कार्यक्रम में व्यापार मंडल की निवर्तमान महिला उपाध्यक्ष नेहा मेहरा, तुलसी आर्या, आशा मेहता, मीना पाल, सुनीता तिवारी, अमित पांडेय, विजय रावत, कमल कुवार्वी, ख्यालीराम, गुड्डू खान, विजय कुमार, शाहिद अली, नरेश पंत और मो. स्वेब सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में महिलाओं ने इस तरह के जागरूकता कार्यक्रमों को समाज के लिए उपयोगी बताते हुए पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

ADVERTISEMENTS
Deepak Manral
Deepak Manralhttp://creativenewsexpress.com
तीन दशकों के करीब का कार्यानुभव रखने वाले दीपक मनराल पत्रकारिता जगत का एक सम्मानित नाम हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत वर्ष 1996 में एक त्रैमासिक पत्रिका के सहयोगी संपादक के रूप में की थी। बीते 25 वर्षों में उन्होंने अमर उजाला, दैनिक भास्कर, दैनिक आज, उत्तरांचल दीप और चारधाम टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में 'ब्यूरो प्रमुख' की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ निभाई हैं। वर्तमान में वे 'गंगोत्री अक्षर उजाला पोस्ट' के संपादक हैं और सीएनई (CNE) मीडिया हाउस के संस्थापक व स्वामी के रूप में डिजिटल मीडिया को नई दिशा दे रहे हैं। अपनी निष्पक्ष और ईमानदार पत्रकारिता के लिए पहचाने जाने वाले मनराल आज भी प्रतिदिन 'ग्राउंड ज़ीरो' से जुड़कर सक्रिय पत्रकारिता कर रहे हैं।
RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments