HomeUttarakhandBageshwar45 दिनों से खाली पड़े अहम पद, भड़के जिला पंचायत सदस्य

45 दिनों से खाली पड़े अहम पद, भड़के जिला पंचायत सदस्य

कलक्ट्रेट में प्रदर्शन कर दी आंदोलन की चेतावनी

एक सप्ताह में तैनाती नहीं हुई तो जिला पंचायत में धरना

कैम्प कार्यालय में ताला लगाने का ऐलान

सीएनई रिपोर्टर, बागेश्वर। जिला पंचायत बागेश्वर में अपर मुख्य अधिकारी, अभियंता और कनिष्ठ अभियंता समेत कई महत्वपूर्ण पद पिछले 45 दिनों से रिक्त पड़े होने के विरोध में जिला पंचायत सदस्यों का आक्रोश बुधवार को खुलकर सामने आया। सदस्यों ने कलक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन और नारेबाजी की तथा जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए रिक्त पदों पर तत्काल अधिकारियों की तैनाती की मांग की।

ADVERTISEMENTSAd

जिला पंचायत सदस्यों का कहना है कि प्रमुख अधिकारियों के लंबे समय से अनुपस्थित रहने के कारण पंचायत के प्रशासनिक और विकास कार्य गंभीर रूप से प्रभावित हो रहे हैं। विकास योजनाओं से जुड़ी फाइलें लंबित पड़ी हैं, निर्माण कार्यों को तकनीकी स्वीकृति नहीं मिल पा रही है और स्थलीय निरीक्षण भी नहीं हो रहे हैं। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों की गति पूरी तरह थम गई है।

सड़क, भवन और पेयजल योजनाएं अटकीं

सदस्यों ने बताया कि अधिकारियों की कमी का सीधा असर सड़क, भवन और पेयजल जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं पर पड़ रहा है। कई निर्माण कार्य बीच में ही अटक गए हैं, जिससे ग्रामीणों के साथ-साथ ठेकेदारों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

सरकार पर उपेक्षा का आरोप

ज्ञापन में जिला पंचायत सदस्यों ने सरकार पर जिला पंचायत की लगातार उपेक्षा करने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि लंबे समय से रिक्त पड़े पदों को भरने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, जिससे विकास कार्य बाधित हो रहे हैं और जनता को इसका खामियाजा भुगतना पड़ रहा है।

सदस्यों ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर रिक्त पदों पर नियुक्ति नहीं की गई अथवा वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई, तो जिला पंचायत परिसर में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इसके साथ ही जिला पंचायत के कैम्प कार्यालय में ताला लगाया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसी स्थिति उत्पन्न होने पर इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।

प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला पंचायत सदस्य बबलू नेगी, भास्कर बोरा, गोपा धपोला, बलवंत राम, सुंदर सिंह गाड़िया, राजू नेगी तथा सरोज आर्या सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS
RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments