सीएनई रिपोर्टर, कौसानी। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के अमर सिद्धांतों और उनके प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से उत्तराखंड के कौसानी स्थित ऐतिहासिक अनासक्ति आश्रम में तीन दिवसीय राष्ट्रीय विचार शिविर का भव्य शुभारंभ हो गया है। इस महत्वपूर्ण शिविर में देश के 18 राज्यों के विभिन्न महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों से आए लगभग 150 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं।
शिविर का शुभारंभ प्रख्यात गांधीवादी और पद्मश्री से सम्मानित राधा बहन ने दीप प्रज्वलित कर किया। अपने उद्घाटन संबोधन में उन्होंने गांधीवादी विचारों की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने दृढ़तापूर्वक कहा कि समाज की वर्तमान चुनौतियों और समस्याओं का सामना करने के लिए गांधी विचार ही एकमात्र मूल मंत्र है। उन्होंने हिमालय के महत्व को केवल सौंदर्य तक सीमित न रखकर उसके व्यापक और गहरे अर्थों को समझने पर जोर दिया।
रविवार को आयोजित कार्यक्रम में पद्मश्री राधा बहन ने आज समाज की अवधारणा को मजबूत करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कौसानी जैसे पवित्र स्थल पर शराब की दुकान खोले जाने पर गहरी चिंता भी व्यक्त की।
विचारकों ने रखा अपना मत:
शिविर में केंद्रीय समाज निधि के सचिव संजय सिंह, हरिजन सेवक संघ के सदस्य संजय राम, कर्नाटक गांधी स्मारक निधि की कार्यकारिणी सदस्य अबिदा बेराम, कुष्णा सिंह बिष्ट, अनासक्ति आश्रम के व्यवस्थापक रमेश पांडे, लक्ष्मी आश्रम की संचालिका नीमा बहन, कांति बहन, गोपाल भट्ट सहित कई प्रमुख गांधी विचारकों ने अपने विचार साझा किए।
तीन दिवसीय शिविर के दौरान, प्रतिभागी सामुदायिक कार्य, सर्वधर्म प्रार्थना, जागरूकता कार्यक्रम जैसी दैनिक दिनचर्या में भाग ले रहे हैं। शिविर का मुख्य जोर गांधी के आर्थिक, सामाजिक, राजनैतिक मूल विचारों को गहराई से समझने के साथ ही देश की एकता एवं अखंडता बनाए रखने पर है। शिविर में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन संजय सिंह ने किया।

