सीएनई रिपोर्टर, कांडा (बागेश्वर) कमस्यारघाटी के रावतसेरा स्थित टोकेश्वर महादेव खेल मैदान में आयोजित भव्य वॉलीबाल प्रतियोगिता का बीते दिन उत्साहपूर्ण समापन हो गया। नव युवक मंगल दल रावतसेरा के तत्वावधान में आयोजित इस खेल महाकुंभ के फाइनल मुकाबले में नरगोली ए ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता में क्षेत्र की कुल 12 टीमों ने हिस्सा लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता का फाइनल मैच नरगोली ‘ए’ और नरगोली ‘बी’ के बीच ‘बेस्ट ऑफ थ्री’ के आधार पर खेला गया। बेहद रोमांचक रहे इस मुकाबले में नरगोली ‘ए’ ने अपने बेहतरीन तालमेल और आक्रामक खेल की बदौलत नरगोली ‘बी’ को 2-0 से शिकस्त दी। विजेता और उपविजेता टीमों को मुख्य अतिथि द्वारा आकर्षक पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
ग्रामीण प्रतिभाओं को मिला मंच
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व प्रधान सुरेश रावत ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन ग्रामीण क्षेत्रों की छिपी हुई खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए एक बेहतर मंच प्रदान करते हैं। अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार साझा करते हुए कहा कि कमस्यारघाटी लंबे समय से वॉलीबाल का केंद्र (हब) रही है और यहाँ के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उन्होंने युवाओं के इस प्रयास की सराहना करते हुए भविष्य में हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
व्यक्तिगत पुरस्कारों की घोषणा
खिलाड़ियों के व्यक्तिगत प्रदर्शन को देखते हुए विशेष पुरस्कार भी प्रदान किए गए, जो इस प्रकार हैं:
- मैन ऑफ द सीरीज: रोहित रौतेला
- मैन ऑफ द मैच: गिरीराज रौतेला (गोलू)
- बेस्ट स्मैशर: शौरभ डोबाल
- क्षेत्र की उभरती टीम: पस्टयारी
कार्यक्रम के सफल संचालन में इनका रहा सहयोग
मैच के दौरान रैफरी की महत्वपूर्ण भूमिका में पुष्पेश रावत एवं दीपक उप्रेती रहे, जबकि स्कोरर का दायित्व भूपेंद्र रौतेला ने निभाया। पूरे मैच का आंखों देखा हाल (कमेंट्री) महेश रावत द्वारा सुनाया गया। नव युवक मंगल दल के अध्यक्ष योगेश रावत ने प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए सभी ग्रामीणों और खिलाड़ियों का आभार प्रकट किया।
इस अवसर पर आयोजन को सफल बनाने में योगेश रावत, त्रिलोक रावत, गोकुल राठौर, प्रकाश रावत, भूपाल सिंह रावत, खीम सिंह, राजेश बनाई, केदार भौर्याल, कुंदन बोरा, दान सिंह रौतेला, लालू राम तथा दुर्गा राम आदि ने महत्वपूर्ण योगदान दिया और मौजूद रहे।

