उत्तरकाशी| उत्तरकाशी जिला मुख्यालय के समीप उजेली में एक युवक अपनी कार में संदिग्ध अवस्था में मृत मिला। युवक के परिजनों ने बताया कि युवक उत्तरकाशी अपनी प्रेमिका से मिलने आया था। प्रेमिका के शादी से इनकार करने पर युवक ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। युवक ने जहर खाने की बात फोन पर अपने भाई को बताई थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया जा रहा कि युवक प्रेमिका से मिलने नैनीताल से उत्तरकाशी आया था। प्रेमिका युवती किसी सरकारी विभाग में तैनात हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
नैनीताल के युवक ने उत्तरकाशी में दी जान
मिली जानकारी के मुताबिक, उत्तरकाशी जिले के उजेली क्षेत्र स्थित पार्क में गुरुवार सुबह खड़ी एक कार में संदिग्ध अवस्था में युवक पड़ा मिला, जिसकी सूचना स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस को दी। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस युवक को जिला अस्पताल लाई। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रबंधन की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची।
युवक की जेब में मिले कागजों के आधार पर युवक की पहचान भूपेश चंद्र बहुगुणा निवासी ओखल कांडा, तहसील धारी नैनीताल के रूप में हुई। कोतवाली उत्तरकाशी के प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार ने बताया कि पुलिस के पहुंचने के कुछ देर बाद ही भूपेश के मोबाइल पर फोन आया। फोन करने वाले व्यक्ति ने स्वयं को भूपेश का भाई सूरज बताया। सूरज ने पुलिस को बताया कि भूपेश उत्तरकाशी निवासी किसी युवती को मिलने गया था जिससे उसका प्रेम प्रसंग चल रहा था।
युवती सरकारी विभाग में कार्यरत हैं और हाल में ही उत्तरकाशी में स्थानांतरण हुआ है। अपनी प्रेमिका से मिलने वह नैनीताल से उत्तरकाशी आया था लेकिन युवती के शादी से इंकार करने पर उसने जहर खा लिया। यह जानकारी भूपेश ने उसे बुधवार रात्रि करीब 11 बजे दी थी। पुलिस ने मृत भूपेश के शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हल्द्वानी में वनप्लस मोबाइल शोरूम से डेढ़ करोड़ के मोबाइल चोरी


