╰┈➤ डा. ज्योत्सना ने योगाभ्यास कर समझाए स्वस्थ जीवन का मंत्र

सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: ज्योति जन स्वास्थ्य सेवा समिति की ओर से उत्तरायण फाउंडेशन के सहयोग से अल्मोड़ा के पपरसली में एक निःशुल्क स्वास्थ्य एवं आयुर्वेदिक चिकित्सा शिविर आयोजित हुआ। जिसमें एक ओर नामी एवं वरिष्ठ लेप्रोस्कोपिक सर्जन डा. केपी कुनियाल मरीजों को परामर्श दिया और माइनर आपरेशन किए, वहीं आयुर्वेदिक चिकित्सक डा. ज्योत्सना कुनियाल ने योग के जरिये स्वस्थ जीवन शैली अपनाने के तरीके सिखाए।


यहां उल्लेखनीय है कि ज्योति जन स्वास्थ्य सेवा समिति एवं उत्तरायण फाउंडेशन का दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं के साथ ही आयुर्वेद, योग से जीवन शैली में बदलाव लाने के लक्ष्य को लेकर काम कर रहा है। इसी लक्ष्य के लिए शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में बीते रविवार को आयोजित शिविर में वरिष्ठ नामी सर्जन डा. केपी कुनियाल ने हल्द्वानी से यहां पहुंचकर रोगियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया और जरूरी चिकित्सकीय परामर्श देते हुए औषधीय मार्गदर्शन दिया। वहीं जरूरतमंद मरीजों की सर्जरी भी की गई।

वहीं आयुर्वेदिक चिकित्सक डा. ज्योत्सना कुनियाल ने योग, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराते हुए इनके लाभ समझाए। उन्होंने कहा कि योगाभ्यास को नियमित जीवन का अंग बनाने से स्वस्थ जीवन शैली अपनाई जा सकती है। इस मौके पर योग करने के लिए योगा मैट्स भी वितरित किये गए। दोनों वरिष्ठ चिकित्सकों की इस मुफ्त सेवा का तमाम लोगों ने लाभ उठाया और उन्होंने भविष्य में भी ऐसे शिविरों के आयोजन की अपेक्षा की। शिविर को सफल बनाने में चीफ फार्मेसी अधिकारी राजेंद्र सिंह भोज, डॉ. लोकेश टम्टा तथा सहायक हयात सिंह ने भरपूर सहयोग प्रदान किया।



