सीएनई रिपोर्टर, गरुड़। द्योनाई में हुई अधेड़ की हत्या के मामले में बैजनाथ पुलिस ने पूर्व ग्राम प्रधान व एक अन्य आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
बैजनाथ पुलिस को गत दिनों द्योनाई निवासी रमेश सेन ने तहरीर देते हुए कहा था कि उसके भाई भूपाल सेन की हत्या कर शव पेड़ से लटकाया गया है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने द्योनाई के पूर्व ग्राम प्रधान कृष्णा पांडे व अन्य के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर तफ्तीश शुरु कर दी थी।
फॉरेंसिक टीम के निरीक्षण, तकनीकी साक्ष्य व पूछताछ कर गवाहों के बयान के आधार पर शुक्रवार की सायं बैजनाथ पुलिस ने आरोपित पंकज उर्फ कृष्णा पांडे पुत्र गिरीश चंद्र और लक्ष्मी दत्त पांडे पुत्र नारायण दत्त को बीएनएस की धारा 108 के तहत गिरफ्तार कर लिया है। थानाध्यक्ष प्रताप सिंह नगरकोटी ने बताया कि दोनों आरोपितों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। इधर ग्रामीणों ने अन्य आरोपितों की भी गिरफ्तारी की मांग की है।
ज्ञात हो कि द्योनाई निवासी भूपाल सेन पुत्र अमर सेन उम्र 53 वर्ष की गत 8 जुलाई को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। मृतक का शव घर से दो किमी दूर जंगल में एक पेड़ से लटका मिला था।

