HomeUttarakhandNainitalजीआईसी सतखोल में पीटीए और एसएमसी कार्यकारिणी का गठन

जीआईसी सतखोल में पीटीए और एसएमसी कार्यकारिणी का गठन

समय बदलने सहित 5 मुख्य प्रस्ताव पारित

आनन्द सिंह घुड़दौड़ा अध्यक्ष और बलवन्त सिंह गैड़ा सचिव

CNE REPORTER, नैनीताल। अटल उत्कृष्ट राजकीय इण्टर कालेज सतखोल (प्यूड़ा), नैनीताल में अभिभावक शिक्षक संघ (पीटीए) और विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) की नई कार्यकारिणी का विधिवत गठन हो गया है। नई पीटीए कार्यकारिणी में आनन्द सिंह घुड़दौड़ा को अध्यक्ष और बलवन्त सिंह गैड़ा (प्रवक्ता राजनीति विज्ञान) को सचिव चुना गया है, जबकि एसएमसी कार्यकारिणी की कमान अध्यक्ष के रूप में भगवती आर्या और सचिव (पदेन) के रूप में प्रधानाचार्य प्रकाश चन्द्र जोशी को सौंपी गई है। शनिवार को विद्यालय परिसर में आयोजित विद्यार्थियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की एक महत्वपूर्ण आम बैठक में यह निर्णय लिया गया।

ADVERTISEMENTSAd

पुरानी कार्यकारिणी भंग और नई टीम का स्वागत

बैठक की शुरुआत में पूर्व पीटीए अध्यक्ष हरीश चन्द्र सिंह नेगी द्वारा पुरानी कार्यकारिणी को भंग करने की घोषणा की गई। विन्देश्वरी लोहनी (प्रवक्ता हिन्दी) के निर्देशन में छात्राओं द्वारा सरस्वती वन्दना व स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। इसके बाद अपूर्व तिवारी (स.अ. सामान्य) और बलवत रौतेला (स.अ. विज्ञान) ने पिछले वर्ष की कार्यकारिणी के कार्यों, विद्यालय की उपलब्धियों तथा आय-व्यय का पूरा ब्यौरा सदन के सामने रखा। नई कार्यकारिणी के प्रभार ग्रहण करने के बाद विद्यालय के शैक्षिक उन्नयन और मुख्य समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में सर्वसम्मति से पारित हुए 5 मुख्य प्रस्ताव:

आम सभा में चर्चा-परिचर्चा के बाद विद्यालय और छात्र हित में पांच महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए:

  1. विद्यालय के समय में बदलाव: वर्तमान समय (सुबह 8:50 से दोपहर 3:10 बजे तक) के कारण दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों और वनमार्गों से आने-जाने वाले छात्र-छात्राओं को भारी कठिनाई हो रही थी। इसलिए विद्यालय का नया समय सुबह 9:15 से दोपहर 3:15 बजे तक करने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया।
  2. अतिक्रमण मुक्ति और आंदोलन की चेतावनी: विद्यालय की भूमि को जल्द से जल्द अतिक्रमण से मुक्त कराकर संस्था के नाम दर्ज कराने का प्रस्ताव पारित हुआ। कार्य में देरी होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी भी दी गई।
  3. मोबाइल आधारित गृह-कार्य पर रोक: विद्यार्थियों में बढ़ती मोबाइल की लत पर चिंता जताते हुए अभिभावकों ने ऑनलाइन होमवर्क पर आपत्ति जताई। प्रस्ताव पारित किया गया कि बच्चों को कम और केवल पाठ्य-पुस्तक आधारित गृह-कार्य ही दिया जाए।
  4. स्कूल परिचय पत्र (आईडी कार्ड): अभिभावकों के आर्थिक सहयोग से सभी विद्यार्थियों के लिए स्कूल परिचय पत्र जारी करने का निर्णय लिया गया।
  5. आईटी प्रशिक्षक की नियुक्ति: सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) प्रशिक्षक का पद खाली होने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही थी। इसके समाधान के लिए अभिभावकों के आर्थिक सहयोग से एक आईटी प्रशिक्षक की व्यवस्था करने का प्रस्ताव पारित हुआ।

चार घंटे चली सभा, जनप्रतिनिधियों ने लिया संकल्प

लगभग चार घंटे से अधिक समय तक चली इस आम सभा की कार्यवाही का सफल संचालन किशनलाल (स.अ. हिन्दी) और बलवन्त रौतेला (स.अ. विज्ञान) द्वारा किया गया। नवनियुक्त पीटीए अध्यक्ष आनन्द सिंह घुड़दौड़ा, सचिव बलवन्त गैड़ा, उपमंत्री सीता टम्टा, कोषाध्यक्ष माया विरखानी और बीडीसी सदस्य सुनीता आर्या ने सभा को संबोधित करते हुए अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा और मनोयोग से करने का संकल्प लिया। इसके अलावा पीटीए उपाध्यक्ष पद पर प्रधानाचार्य प्रकाश चन्द्र जोशी (पदेन) की भी नियुक्ति की गई।

समारोह को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में विद्यालय के शिक्षक शिक्षिकाओं का विशेष योगदान रहा, जिनमें अमित काण्डपाल (स.अ. व्यायाम), इरशाद अंसारी (प्रवक्ता समाज शास्त्र), विश्वनाथ अरोरा (प्रवक्ता रसायन), जगदीश पटवाल (स.अ. अंग्रेजी), प्रताप सिंह (स.अ. गणित), मनीष शर्मा (स.अ. सामान्य), दीपिका (प्रवक्ता भौतिकी), पुष्पा नेगी (स.अ. हिन्दी), अनीता (प्रवक्ता अर्थशास्त्र), रानी नरेन्द्र धामी (प्रवक्ता भूगोल), पूजा बिष्ट (स.अ. कला) और रेखा कनवाल (प्रवक्ता जीव विज्ञान) शामिल रहे।

ADVERTISEMENTS
Deepak Manral
Deepak Manralhttp://creativenewsexpress.com
तीन दशकों के करीब का कार्यानुभव रखने वाले दीपक मनराल पत्रकारिता जगत का एक सम्मानित नाम हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत वर्ष 1996 में एक त्रैमासिक पत्रिका के सहयोगी संपादक के रूप में की थी। बीते 25 वर्षों में उन्होंने अमर उजाला, दैनिक भास्कर, दैनिक आज, उत्तरांचल दीप और चारधाम टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में 'ब्यूरो प्रमुख' की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ निभाई हैं। वर्तमान में वे 'गंगोत्री अक्षर उजाला पोस्ट' के संपादक हैं और सीएनई (CNE) मीडिया हाउस के संस्थापक व स्वामी के रूप में डिजिटल मीडिया को नई दिशा दे रहे हैं। अपनी निष्पक्ष और ईमानदार पत्रकारिता के लिए पहचाने जाने वाले मनराल आज भी प्रतिदिन 'ग्राउंड ज़ीरो' से जुड़कर सक्रिय पत्रकारिता कर रहे हैं।
RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments