मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के इस जिले से आ रही एक मासूम की बेबसी कहानी ने आम आदमी के दिल को तो पिघलाया ही पुलिस के अधिकारियों का दिल भी पसीज गया। दरअसल इन दिनों मुजफ्फरनगर के सोशल मीडिया पर एक कुत्ते के साथ सड़क के फुटपाथ के किनारे सोते दस-बारह साल के बच्चे की फोटो वायरल हो रही है। इस फोटो पर जब पुलिस के अधिकारियों की नजर पड़ी तो उन्होंने अपने अधीनस्थ अधिकारियों को बच्चे की तलाश में लगा दिया। नतीजा कुछ ही दिनों में सामने आ भी गया। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद इस लड़के और उसके कुत्ते को ढूंढ निकाला। बेबस मासूम से जब पुलिस ने इस तरह सड़क पर सोने की बात पूछी तो बच्चे की कहानी इतनी भावुक थी कि किसी का भी दिल पसीज जाए। लगभग 9 से 10 साल का दिखने वाला ये बच्चा अपना नाम अंकित बताता है बच्चे के अनुसार उसका पिता जेल में बंद है और मां छोड़ कर चली गई थी। ये मासूम बच्चा अपने परिवार या घर के बारे में इस के अलावा और कुछ नहींं जानता है।
ये मासूम चाय की दुकानों पर काम करता है या फिर गलियों से कूड़ा बीन कर अपना और अपने कुत्ते डैनी का पेट भर रहा था। रात को इस कड़ाके की सर्दी में मुज़फ्फरनगर के शिव चौक स्थित मार्केट में किसी भी दुकान के सामने अपने दोस्त कुत्ते के साथ सो जाता था। कुत्ता रात भर अपने मालिक का ध्यान रखता था।
कई दिन पहले ली गई बच्चे की इस तस्वीर के वायरल होने के बाद जनपद के एसएसपी अभिषेक यादव ने बच्चे को ढूंढने के लिए जब पुलिस टीम लगाई तो बच्चे को पुलिस ने शहर से बरामद कर लिया। अब बच्चा चाइल्ड एंड वुमैन वेलफेयर डिपार्टमेंट के देखरेख में है जहां इसके रहने के साथ-साथ जिला प्रशासन अच्छी पढ़ाई का बंदोबस्त भी करा रहा है।
हे भगवान : पिता जेल में और मां छोड़ गई दस साल के मासूम को, ऐसे सड़कों पर काट रहा था कुत्ते डैनी के साथ दिन
ADVERTISEMENTS
ADVERTISEMENTS


