नैनीताल पुलिस के छह निरीक्षकों को भावभीनी विदाई, एसएसपी ने सराही उत्कृष्ट सेवाएं

0
नैनीताल पुलिस के छह निरीक्षकों को भावभीनी विदाई, एसएसपी ने सराही उत्कृष्ट सेवाएं
नैनीताल पुलिस के छह निरीक्षकों को भावभीनी विदाई, एसएसपी ने सराही उत्कृष्ट सेवाएं

CNE REPORTER, हल्द्वानी। जनपद नैनीताल से स्थानांतरित होकर अन्य जिलों में नई जिम्मेदारियां संभालने जा रहे छह पुलिस निरीक्षकों के सम्मान में शुक्रवार को मिनी पुलिस लाइन, हल्द्वानी के मीटिंग हॉल में भव्य विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने स्थानांतरित हो रहे सभी अधिकारियों की कर्तव्यनिष्ठा, कार्यशैली, सरल एवं मृदुल व्यवहार तथा जनहित में किए गए उत्कृष्ट कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी और नई तैनाती के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।


ADVERTISEMENTS

समारोह की अध्यक्षता करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस विभाग में स्थानांतरण एक सामान्य प्रशासनिक प्रक्रिया है, लेकिन किसी अधिकारी की कार्यशैली, व्यवहार और उसके द्वारा किए गए जनहित के कार्य लंबे समय तक याद रखे जाते हैं। नैनीताल जनपद में तैनाती के दौरान सभी अधिकारियों ने प्रभावी पुलिसिंग के साथ कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण, यातायात व्यवस्था तथा महत्वपूर्ण आयोजनों एवं विशिष्ट व्यक्तियों की सुरक्षा संबंधी ड्यूटी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

इन छह निरीक्षकों को दी गई विदाई

स्थानांतरित होने वाले अधिकारियों में कालाढूंगी के प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार सैनी अब जनपद ऊधमसिंहनगर में सेवाएं देंगे। हल्द्वानी के प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता को जनपद बागेश्वर में नई जिम्मेदारी मिली है। भवाली के प्रभारी निरीक्षक प्रकाश सिंह मेहरा अब जनपद अल्मोड़ा में सेवाएं देंगे। तल्लीताल के प्रभारी निरीक्षक हरपाल सिंह को भी जनपद बागेश्वर भेजा गया है। बनभूलपुरा के प्रभारी निरीक्षक दिनेश सिंह फर्त्याल अब जनपद पिथौरागढ़ में अपनी सेवाएं देंगे, जबकि मुखानी के प्रभारी निरीक्षक सुशील चंद्र जोशी को जनपद अल्मोड़ा में नई तैनाती मिली है।

वरिष्ठ अधिकारियों ने साझा किए अनुभव, स्मृति चिह्न देकर किया सम्मानित

विदाई समारोह में पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र, पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी हरबंस सिंह तथा पुलिस अधीक्षक संचार रेवाधर मठपाल ने भी स्थानांतरित हो रहे अधिकारियों की कार्यशैली की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारियों ने अपने कार्यकाल के दौरान जिम्मेदारी और समर्पण के साथ कार्य करते हुए पुलिस विभाग की छवि को मजबूत बनाने में योगदान दिया। अधिकारियों ने उनके साथ काम करने के दौरान के अनुभव साझा किए और उनके मृदुल व्यवहार, अनुशासन, कर्तव्यपरायणता तथा प्रभावी पुलिसिंग की मुक्तकंठ से सराहना की।

इस अवसर पर सभी छह स्थानांतरित निरीक्षकों को स्मृति चिह्न एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया। समारोह में स्थानांतरित अधिकारियों ने भी नैनीताल जनपद में अपने कार्यकाल के अनुभव साझा किए। उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों से मिले मार्गदर्शन और पुलिस बल के साथियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नैनीताल जनपद में कार्य करना उनके लिए एक महत्वपूर्ण अनुभव रहा है और यहां मिले सहयोग एवं अनुभवों का लाभ उन्हें आगे भी मिलता रहेगा।

नैनीताल पुलिस को खलेगी अधिकारियों की कमी : एसएसपी

समारोह को संबोधित करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने कहा कि सभी छह अधिकारियों ने नैनीताल पुलिस परिवार का महत्वपूर्ण हिस्सा बनकर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया है। थाना प्रभारियों के रूप में उन्होंने अपने-अपने क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास कायम करने के लिए सराहनीय कार्य किया। उन्होंने कहा कि इन अधिकारियों ने पुलिसिंग के प्रत्येक पहलू में अपनी सक्रिय भूमिका निभाई है। उनके द्वारा किए गए कार्य और पुलिस बल के साथ उनका समन्वय निश्चित रूप से याद किया जाएगा। नैनीताल पुलिस को उनकी कमी अवश्य खलेगी।

उन्होंने विश्वास जताया कि सभी अधिकारी अपनी नई तैनाती वाले जनपदों में भी इसी ऊर्जा, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करते हुए पुलिस विभाग की गरिमा और गौरव को और बढ़ाएंगे। अंत में उन्होंने नैनीताल पुलिस परिवार की ओर से सभी अधिकारियों को नवीन तैनाती के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

समारोह में ये अधिकारी रहे मौजूद

विदाई समारोह में क्षेत्राधिकारी रामनगर रविकांत सेमवाल, क्षेत्राधिकारी लालकुआं विमल प्रसाद, क्षेत्राधिकारी भवाली विनय सिंह, क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी लव शर्मा, क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन समीरन भट्ट, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह, निरीक्षक अभिसूचना ज्ञानेंद्र शर्मा, निरीक्षक पुलिस दूरसंचार राजकुमार बिष्ट, निरीक्षक यातायात हल्द्वानी भूपेश पांडेय, निरीक्षक रमेश सिंह नेगी (वाचक), प्रधान लिपिक हिमांशु पंत, आशुलिपिक साधना, जनसंपर्क अधिकारी हेमा ऐठानी सहित विभिन्न थानों एवं शाखाओं के प्रभारी, मीडिया प्रतिनिधि तथा पुलिस कर्मचारी उपस्थित रहे।

समारोह में मौजूद सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्थानांतरित हो रहे छह निरीक्षकों को नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं और उनके सेवाकाल के दौरान किए गए कार्यों की सराहना की।

ADVERTISEMENTS
विज्ञापन 1
विज्ञापन 2
विज्ञापन 3
विज्ञापन 4
विज्ञापन 5
विज्ञापन 6
विज्ञापन 7
विज्ञापन 14
विज्ञापन 13
विज्ञापन 12
विज्ञापन 11
विज्ञापन 10
विज्ञापन 9
विज्ञापन 8
विज्ञापन 7
विज्ञापन 6
विज्ञापन 5
विज्ञापन 4
विज्ञापन 3
विज्ञापन 2
विज्ञापन 1