HomeBreaking Newsबुटीक की आड़ में नशे का कारोबार, 10 लाख की चरस समेत...

बुटीक की आड़ में नशे का कारोबार, 10 लाख की चरस समेत दो गिरफ्तार

बुटीक में छापेमारी कर बरामद की 5 किलो अवैध चरस

बागेश्वर से जुड़े तस्करी के तार

सीएइर्न रिपोर्टर, हल्द्वानी। एंटी नार्कोटिक्स टास्क फोर्स, स्पेशल टास्क फोर्स कुमाऊं और थाना काठगोदाम पुलिस की संयुक्त टीम ने नशे के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क पर प्रहार करते हुए एक बड़ी सफलता अर्जित की है। दमुवाढूंगा क्षेत्र के देवखड़ी में ‘डी फैशन बुटीक’ नामक टेलर की दुकान पर छापेमारी के दौरान मौके से 5 किलो 2 ग्राम अवैध चरस जब्त की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 10 लाख रुपये आंकी गई है।

ADVERTISEMENTSAd Ad

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार एक सटीक सूचना के आधार पर पुलिस की संयुक्त टीम ने दमुवाढूंगा क्षेत्र के देवखड़ी में स्थित एक सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान के ठीक सामने ‘डी फैशन बुटीक’ नामक टेलर की दुकान पर अचानक छापेमारी की। जांच के दौरान दुकान के भीतर से भारी मात्रा में अवैध नशीला पदार्थ बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से 5 किलो 2 ग्राम अवैध चरस जब्त की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 10 लाख रुपये आंकी गई है। टेलरिंग की दुकान की आड़ में नशीले पदार्थों का भंडारण और वितरण किया जा रहा था ताकि किसी को संदेह न हो।

पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए व्यक्तियों की पहचान 50 वर्षीय प्रवीण आर्या पुत्र कुशल राम, निवासी देवखड़ी दमुवाढूंगा, थाना काठगोदाम, जिला नैनीताल और 44 वर्षीय बलवन्त सिंह पुत्र गोपाल सिंह, निवासी ग्राम तीख, पोस्ट डोला, थाना कपकोट, जिला बागेश्वर के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के विरुद्ध थाना काठगोदाम में नार्कोटिक्स ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस अधिनियम की धारा 8/20 के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। पकड़े गए तस्करों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया गतिमान है।

तस्करी के नेटवर्क और आपराधिक इतिहास की जांच

प्रारंभिक पूछताछ और जांच में यह महत्वपूर्ण तथ्य सामने आया है कि बरामद की गई चरस की यह बड़ी खेप बागेश्वर क्षेत्र से तस्करी कर हल्द्वानी लाई गई थी। यहां से इसे विभिन्न छोटे तस्करों और स्थानीय युवाओं को सप्लाई करने की योजना थी। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क के मुख्य सरगनाओं और बैकवर्ड लिंकेज की तलाश कर रही है। गिरफ्तार आरोपियों के पुराने आपराधिक इतिहास के बारे में भी विभिन्न थानों से जानकारी जुटाई जा रही है ताकि उनके विरुद्ध कठोर निरोधात्मक कार्यवाही की जा सके।

इस सफल ऑपरेशन को अंजाम देने वाली संयुक्त टीम में स्पेशल टास्क फोर्स एंटी नार्कोटिक्स टीम के निरीक्षक पावन स्वरुप, उप निरीक्षक विनोद चंद्र जोशी, आरक्षी वीरेंद्र चौहान, आरक्षी इसरार अहमद तथा थाना काठगोदाम पुलिस टीम से थाना प्रभारी विमल मिश्रा, उप निरीक्षक दिलीप सिंह, आरक्षी प्रमोद कुमार और आरक्षी कारज सिंह सम्मिलित रहे। टीम के इस उत्कृष्ट कार्य की वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों द्वारा सराहना की गई है।

ADVERTISEMENTS
Deepak Manral
Deepak Manralhttp://creativenewsexpress.com
तीन दशकों के करीब का कार्यानुभव रखने वाले दीपक मनराल पत्रकारिता जगत का एक सम्मानित नाम हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत वर्ष 1996 में एक त्रैमासिक पत्रिका के सहयोगी संपादक के रूप में की थी। बीते 25 वर्षों में उन्होंने अमर उजाला, दैनिक भास्कर, दैनिक आज, उत्तरांचल दीप और चारधाम टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में 'ब्यूरो प्रमुख' की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ निभाई हैं। वर्तमान में वे 'गंगोत्री अक्षर उजाला पोस्ट' के संपादक हैं और सीएनई (CNE) मीडिया हाउस के संस्थापक व स्वामी के रूप में डिजिटल मीडिया को नई दिशा दे रहे हैं। अपनी निष्पक्ष और ईमानदार पत्रकारिता के लिए पहचाने जाने वाले मनराल आज भी प्रतिदिन 'ग्राउंड ज़ीरो' से जुड़कर सक्रिय पत्रकारिता कर रहे हैं।
RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments