आबकारी एक्ट में हुआ था गिरफ्तार
सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा। द्वाराहाट पुलिस ने 19 वर्ष से फरार चल रहे हरियाणा निवासी मफरुर को पिथौरागढ़ से धर दबोचा है। आरोपी बार-बार स्थान बदलकर पुलिस से छुप रहा था। इसे भगौड़ा घोषित किया गया था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आबकारी अधिनियम से संबंधित आरोपी सुभाष चन्द्र वर्ष 2006 से न्यायालय से जमानत प्राप्त होने के बाद से फरार चल रहा था। जिस कारण उसे न्यायालय द्वाराहाट द्वारा 21 जुलाई 2017 को भगौड़ा (मफरुर) घोषित किया गया था।
बार—बार नाम पता बदल पुलिस को दे रहा था चकमा
सीओ रानीखेत विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष द्वाराहाट अवनीश कुमार ने नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। गठित पुलिस टीम द्वारा सुरागरसी-पतारसी कर 30 मई 2025 की रात्रि फरार (मफरुर) सुभाष चन्द्र को घंटाघर पिथौरागढ़ से नीचे मैन चौराहा पोस्ट ऑफिस को जाने वाले मार्ग से गिरफ्तार कर लिया। उसकी गिरफ्तारी हेतु पूर्व में भी कई बार पुलिस टीमें जनपद झज्जर हरियाणा भेजी जा चुकी थी। वह बार-बार स्थान बदलकर चकमा देकर छुप रहा था। पुलिस टीम के अथक प्रयासों से लगभग 19 वर्षों से फरार मफरुर को गिरफ्तार करने में सफलता मिली। गिरफ्तार करने वाली द्वाराहाट पुलिस टीम में अपर उपनिरीक्षक श्री भगवान सिंह व कांस्टेबल हेमन्त सिंह शामिल रहे।