पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग
सीएनई रिपोर्टर, बागेश्वर। पूर्व छात्रसंघ उपसचिव अंकुर उपाध्याय पर हुए जानलेवा हमले के विरोध में बागेश्वर संघर्ष वाहिनी ने कड़ी आपत्ति जताते हुए गांधी चौक पर जोरदार प्रदर्शन किया। वाहिनी ने हमलावरों की तत्काल गिरफ्तारी और पुलिस की ढीली कार्रवाई पर सख्त नाराजगी व्यक्त की।
संघर्ष वाहिनी के जिलाध्यक्ष कवि जोशी के नेतृत्व में जुटे कार्यकर्ताओं ने पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मांग की कि हमलावरों के खिलाफ लगाई गई धाराओं में बढ़ोत्तरी की जाए और उनसे सख्ती से पेश आया जाए।
करीब एक घंटे तक प्रदर्शन
वक्ताओं ने सभा में कहा कि पूर्व छात्रसंघ उपसचिव पर जानलेवा हमले की तहरीर दिए जाने के बावजूद मारपीट करने वाले युवकों की अब तक गिरफ्तारी नहीं हुई है और उन पर मामूली धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई के विरोध में कार्यकर्ताओं ने करीब एक घंटे तक प्रदर्शन किया।
इसके बाद, कोतवाल अनिल उपाध्याय ने आंदोलन कर रहे लोगों को वार्ता के लिए बुलाया। कोतवाल ने उन्हें आश्वासन दिया कि हमलावर युवकों की तलाश की जा रही है और घायल अंकुर की मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर धाराओं में बदलाव किया जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अपराधियों को कतई नहीं छोड़ा जाएगा। कोतवाल के इस आश्वासन के बाद संघर्ष वाहिनी ने अपना आंदोलन स्थगित कर दिया।
इस प्रदर्शन में विशाल, रिजवान, अमित, संजय उपाध्याय, विनोद थापा, विजय परिहार जादू, सुनील पांडे, मोईन खान आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।

