➤ जिला प्रशासन के माध्यम से सीएम को भेजा ज्ञापन, कठोर कार्रवाई की मांग

सीएनई रिपोर्टर, बागेश्वर: टिहरी जनपद के प्रतापनगर क्षेत्र में अनुसूचित जाति समुदाय के युवक केतन के कथित अमानवीय हत्या एवं जातीय उत्पीड़न की घटना को लेकर यहां शिल्पकार सभा गुस्से में है। संगठन ने एडीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर मामले की जांच कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में कहा गया कि प्रतापनगर विकासखंड के देवल गांव में घटित यह घटना मानवता को शर्मसार करने वाली है। उन्होंने कहा कि केतन लाल की मित्रता एक सवर्ण युवती से थी, जिसका विरोध युवती के परिजनों द्वारा किया जा रहा था। शिल्पकार सभा ने घटना को सामाजिक समानता, मानवाधिकारों एवं संवैधानिक मूल्यों पर सीधा हमला बताते हुए दोषियों के विरुद्ध हत्या, जातीय उत्पीड़न तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के अंतर्गत कठोरतम कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन के माध्यम से मुख्यमंत्री से मांग की गई कि प्रकरण की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच कर दोषियों को शीघ्र दंडित किया जाए और पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक सहायता एवं पुनर्वास पैकेज प्रदान किया जाए। साथ ही राज्य सरकार का वरिष्ठ प्रतिनिधि पीड़ित परिवार से मिलकर उन्हें न्याय का भरोसा दिलाए तथा प्रदेश में बढ़ रही जातीय हिंसा एवं भेदभाव की घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाई जाए। ज्ञापन देने वालों में शिल्पकार सभा के अध्यक्ष पीतांबर लोबियाल, महामंत्री दीप प्रकाश, एससी-एसटी शिक्षक एसोसिएशन के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष संजय कुमार टम्टा, भुवन चंद्र, नवीन चन्द्र टम्टा, जगमोहन टम्टा, विमल कुमार तथा नवीन त्रिकोटी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।


