👉 एकजुट होकर केंद्र सरकार का पुतला फूंका, जमकर खिंचाई की
👉 भाजपा सरकार की संकीर्ण मानसिकता का फल है यह कदम: भोज
सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) का नाम बदलने के प्रस्ताव को लेकर कांग्रेस ने भौहें तनी हैं। कांग्रेसजनों ने यहां चौघानपाटा में एकजुट होकर केंद्र सरकार का पुतला फूंका और मनरेगा का नाम बदलने को भाजपा सरकार की संकीर्ण मानसिकता बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार का यह कदम महात्मा गांधी के विचारों को मिटाने की मानसिकता को दर्शाता है। जिसका कांग्रेस पार्टी कड़ा विरोध करती है।
बड़ी संख्या में आज पूर्वाह्न कांग्रेसजन पार्टी जिलाध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह भोज के नेतृत्व में गांधी चौक चौघानपाटा में एकत्रित हुए, जहां उन्होंने नारेबाजी कर मनरेगा का नाम बदलने के प्रयासों की पुरजोर खिलाफत की। इस मौके पर जिलाध्यक्ष भोज ने कहा कि मनरेगा केवल एक योजना नहीं, बल्कि देश के करोड़ों ग्रामीण गरीबों, मजदूरों और किसानों के लिए जीवनरेखा है। योजना ने ग्रामीण भारत में रोजगार, सम्मान और आत्मनिर्भरता प्रदान की है। मनरेगा का नाम महात्मा गांधी के उस विचार से जुड़ा है, जो अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को सशक्त बनाने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकारों द्वारा बनाई गई जनकल्याणकारी योजनाओं के नाम बदलकर अपने कार्यकाल की असफलताओं को छिपाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि नाम बदलने से न तो ग्रामीणों की समस्याएं हल होंगी और न ही बेरोजगारी, महंगाई और पलायन जैसी गंभीर समस्याओं पर कोई प्रभाव पड़ेगा। जिलाध्यक्ष ने मांग की कि केंद्र सरकार नाम बदलने जैसे मुद्दों में समय गंवाने के बजाय मनरेगा के बजट में वृद्धि करे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस मनरेगा के नाम और उसकी मूल भावना की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष करती रहेगी।
पुतला दहन कार्यक्रम में कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज समेत नगराध्यक्ष तारा चंद्र जोशी, पूर्व पालिका अध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी, पूरन रौतेला, संजय कठायत, आनंद सिंह बिष्ट, नारायण दत्त पाण्डेय, भैरव गोस्वामी, सुशील साह, गोविन्द लाल बल्टीयाल, दिनेश पिल्खवाल, संजय दुर्गापाल, अमर बिष्ट, निज़ाम कुरैशी, पूरन नाथ गोस्वामी, महेंद्र मेहता, रोहित रौतेला, संजीव कर्मियाल, दीपेश कांडपाल, अख्तर हुसैन, प्रवीण भोज, संदीप जंगपागी, पंकज कार्की, नवाज़ खान, हर्ष कनवाल, देव सिंह कनवाल, धनेश बिष्ट आदि उपस्थित रहे।

