HomeUttarakhandBageshwarजॉर्ज एवरेस्ट घोटाले के विरोध में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, फूंका पुतला

जॉर्ज एवरेस्ट घोटाले के विरोध में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, फूंका पुतला

सीएम धामी और बाबा रामदेव पर धांधली के आरोप

सीएनई रिपोर्टर, बागेश्वर। जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में बागेश्वर में जॉर्ज एवरेस्ट घोटाले के खिलाफ आज जोरदार प्रदर्शन हुआ। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सत्तारूढ़ भाजपा सरकार और बाबा रामदेव पर हजारों करोड़ के घोटाले का आरोप लगाते हुए पुतला दहन किया।

यह प्रदर्शन जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भगवत सिंह डसीला के नेतृत्व में एसबीआई तिराहे पर आयोजित किया गया। कार्यकर्ताओं ने नारेबाज़ी करते हुए आरोप लगाया कि उत्तराखंड पर्यटन विभाग ने राज्य सरकार की शह पर मसूरी स्थित जॉर्ज एवरेस्ट एस्टेट में एडवेंचर टूरिज्म के नाम पर बड़े उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने के लिए टेंडरों में धांधली की है। कांग्रेस का कहना है कि इस कथित घोटाले में बाबा रामदेव और उनके सहयोगी आचार्य बालकृष्ण भी शामिल हैं।

प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज, बाबा रामदेव और बालकृष्ण के खिलाफ कड़े नारे लगाए और चारों का सामूहिक पुतला दहन किया। उनका आरोप था कि कीमती सरकारी भूमि को कौड़ियों के दाम पर निजी हाथों में सौंपा जा रहा है और करोड़ों की संपत्ति को खुर्द-बुर्द किया जा रहा है। कांग्रेस नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि पर्यटन विभाग में एएसआई (Archaeological Survey of India) की अनुमति के बिना कार्य किए जा रहे हैं, जो नियमों के विरुद्ध है।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि भाजपा सरकार लगातार जनविरोधी नीतियाँ लागू कर रही है और बड़े उद्योगपतियों को लाभ पहुँचाने के लिए सरकार की जमीन और संसाधनों को सस्ते में बेच रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने अपने निर्णय वापस नहीं लिए तो आंदोलन को और तेज़ किया जाएगा। इस मौके पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश सिंह ऐठानी, हरीश त्रिकोटी, रमेश सिंह, भीम कुमार, विनोद पाठक, ईश्वर पांडे, योगेंद्र सिंह, गौरव परिहार, राजेंद्र कुमार, दान सिंह, नवीन साह, बहादुर बिष्ट सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments