दिल्ली में भाजपा का 27 साल का वनवास खत्म, पीएम मोदी ने कहा- दिल्ली की जनता का आभार
नई दिल्ली | दिल्ली विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आम आदमी पार्टी (आप) को करारी शिकस्त देते हुए 27 साल का वनवास खत्म कर सत्ता में वापसी कर ली है।
दिल्ली की 70 सदस्यीय विधानसभा चुनाव की शनिवार को हुई मतगणना में भाजपा बड़े बहुमत की ओर बढ़ रही है। सत्तारुढ आप के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने अपनी पार्टी की हार स्वीकार कर ली है। उन्होंने कहा कि उन्हें जनता का निर्णय मान्य है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि दिल्ली में भाजपा की जीत विकास और सुशासन की जीत है। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता प्रियंका गांधी ने कहा है कि दिल्ली में लोगों ने बदलाव के लिए वोट किया है।
भारतीय राजनीति में एक नये प्रयोग के साथ लगभग 12 साल पहले सरकार में आयी आप के नेता केजरीवाल नयी दिल्ली विधानसभा सीट से और उनके नजदीकी मनीष सिसोसिया जंगपुरा सीट से चुनाव हार गये हैं। दिल्ली के राजनीतिक क्षितिज पर आप के प्रादुर्भाव से पहले करीब 15 साल तक सत्ता में रही कांग्रेस लगातार तीसरी बार विधानसभा चुनाव में अपना खाता फिर नहीं खोल सकी है। भाजपा ने दिल्ली में 2024 के लोकसभा चुनाव का अपना प्रदर्शन जारी रखते हुए राष्ट्रीय राजधानी के सभी इलाकों में अच्छा प्रदर्शन किया है और वोट हिस्सा लगभग 10 प्रतिशत बढ़ाया है। भाजपा ने दिल्ली के नतीजों को “ मोदी की गारंटी पर दिल्ली की जनता का भरोसा” बताया है।
कांग्रेस का हराकर लगभग 12 साल पहले सत्ता में आयी आप 20 से 25 सीटों पर सिमटती नजर आयी है। भाजपा अंतिम बार दिल्ली में तत्कालीन मुख्यमंत्री सुषमा स्वराज के नेतृत्व में सत्ता थी। वर्ष 1998 के चुनाव में कांग्रेस ने भाजपा को सत्ता से लंबे समय के लिए बाहर कर दिया। कांग्रेस ने मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के नेतृत्व में दिल्ली में लगतार तीन कार्यकाल तक सरकार चलायी। वर्ष दिसंबर 2013 में आप ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में दिल्ली में सरकार का गठन किया।
रुझानों के अनुसार विधानसभा चुनावों में भाजपा को 50 सीटें मिलने की संभावना है। भाजपा ने मतगणना की आरंभ से ही बढ़त बना ली थी, लेकिन सीटों पर आप और भाजपा के बीच कांटे की टक्कर को देखते हुए हार जीत का अंतर बहुत रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों ने आप की हार में कांग्रेस का भी कुछ हाथ देखना शुरु कर दिया है। पर इस बारे में कांग्रेस की प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा, ‘‘आम आदमी पार्टी को जिताना कांग्रेस की जिम्मेदारी नहीं है।’’ जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने तंज किया, “और लड़ो आपस में।’’ भाजपा के दिल्ली प्रदेश कार्यालय पर कार्यकर्ताओं ने होली से पहले ही होली का उत्सव मनाना शुरु कर दिया है जबकि आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के कार्यालयों पर नेता और कार्यकर्ता नदारद रहे।
दिल्ली में विकास, सुशासन की जीत : प्रधानमंत्री मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत को विकास एवं सुशासन की जीत करार दिया और कहा कि वह दिल्ली के चहुंमुखी विकास के लिए कोई कोर कसर नहीं छोड़ेंगे। मोदी ने एक्स पर अपने पोस्ट में लिखा, “जनशक्ति सर्वोपरि! विकास जीता, सुशासन जीता। दिल्ली के अपने सभी भाई-बहनों को भाजपा को ऐतिहासिक जीत दिलाने के लिए मेरा वंदन और अभिनंदन! आपने जो भरपूर आशीर्वाद और स्नेह दिया है, उसके लिए आप सभी का हृदय से बहुत-बहुत आभार।” प्रधानमंत्री ने कहा, “दिल्ली के चौतरफा विकास और यहां के लोगों का जीवन उत्तम बनाने के लिए हम कोई कोर-कसर नहीं छोड़ेंगे, यह हमारी गारंटी है। इसके साथ ही हम यह भी सुनिश्चित करेंगे कि विकसित भारत के निर्माण में दिल्ली की अहम भूमिका हो।” उन्होंने कहा, “मुझे भाजपा के अपने सभी कार्यकर्ताओं पर बहुत गर्व है, जिन्होंने इस प्रचंड जनादेश के लिए दिन-रात एक कर दिया। अब हम और भी अधिक मजबूती से अपने दिल्लीवासियों की सेवा में समर्पित रहेंगे।”
दिल्ली में विकास, विश्वास का नया युग शुरू : शाह
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं देश के गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में आज भाजपा की भारी बहुमत से जीत पर पार्टी एवं दिल्ली की जनता को बधाई दी और कहा यह दिल्ली में विकास एवं विश्वास के एक नए युग का आरंभ है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में दिल्ली अब एक आदर्श राजधानी बनेगी। शाह ने एक्स पर ‘दिल्ली के दिल में मोदी’ के शीर्षक से अपनी पोस्ट में लिखा, “दिल्ली की जनता ने झूठ, धोखे और भ्रष्टाचार के ‘शीशमहल’ को नेस्तनाबूत कर दिल्ली को आप-दा मुक्त करने का काम किया है। दिल्ली ने वादाखिलाफी करने वालों को ऐसा सबक सिखाया है, जो देशभर में जनता के साथ झूठे वादे करने वालों के लिए मिसाल बनेगा।” उन्होंने कहा, “यह दिल्ली में विकास और विश्वास के एक नए युग का आरंभ है। दिल्ली में झूठ के शासन का अंत हुआ है… यह अहंकार और अराजकता की हार है। यह ‘मोदी की गारंटी’ और मोदी जी के विकास के विजन पर दिल्ली वासियों के विश्वास की जीत है। इस प्रचंड जनादेश के लिए दिल्ली की जनता का दिल से आभार।” शाह ने कहा, “मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा अपने सभी वादे पूरे कर दिल्ली को विश्व की नंबर 1 राजधानी बनाने के लिए संकल्पित है। दिल्ली वासियों ने बता दिया कि जनता को बार-बार झूठे वादों से गुमराह नहीं किया जा सकता। जनता ने अपने वोट से गंदी यमुना, पीने का गंदा पानी, टूटी सड़कें, ओवरफ्लो होते सीवरों और हर गली में खुले शराब के ठेकों का जवाब दिया है।” गृह मंत्री ने कहा, “दिल्ली में मिली इस भव्य जीत के लिए अपना दिन-रात एक करने वाले दिल्ली भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा जी और प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा जी को हार्दिक बधाई देता हूँ। चाहे महिलाओं का सम्मान हो, अनधिकृत कॉलोनीवासियों का स्वाभिमान हो या स्वरोजगार की अपार संभावनाएँ, मोदी जी के नेतृत्व में दिल्ली अब एक आदर्श राजधानी बनेगी।”
मोदी पर विश्वास से जीती भाजपा दिल्ली विधानसभा चुनाव : राजनाथ
भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत पर खुशी व्यक्त करते हुए इस विजय को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जनता के विश्वास का परिणाम बताया है। सिंह ने ट्वीट किया “दिल्ली के विधानसभा चुनावों में भाजपा की जबरदस्त विजय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और भाजपा की नीतियों के प्रति विश्वास की जीत है। इस देश की जनता का भरोसा मोदीजी की विश्वसनीयता और भाजपा की सुशासन और विकास की राजनीति में है।” उन्होंने कहा “इस शानदार जीत के लिए मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा, दिल्ली प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा एवं सभी पार्टी कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई देता हूँ। लगभग 27 साल बाद दिल्ली की जनता ने भाजपा को अपना विश्वास और आशीर्वाद दिया है। इसके लिए दिल्ली की जनता के प्रति मैं अपना आभार व्यक्त करता हूँ।” सिंह ने कहा “विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए विकसित दिल्ली अति आवश्यक है। इस जीत के बाद डबल इंजन की सरकार दिल्ली के विकास को नई गति को बुलंदी प्रदान करेगी।”
जनता का निर्णय सिर माथे : अरविंद केजरीवाल
आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) को दिल्ली विधानसभा चुनाव में जीत की बधाई देते हुए शनिवार को कहा कि वह जनता का निर्णय विनम्रता के साथ स्वीकार करते हैं और उनका फैसला सिर माथे है। केजरीवाल ने ‘एक्स’ पर एक वीडियो जारी करके कहा,“ आज दिल्ली विधानसभा के नतीजे आये हैं। जनता ने जो निर्णय दिया उसे मैं विनम्रता के साथ स्वीकार करता हूं। मैं उम्मीद करता हूं कि जिस आशा के साथ लोगों ने भाजपा को बहुमत दिया है वह उन सभी उम्मीदों और आशाओं पर खरा उतरेगी।” उन्होंने कहा,“ हमें पिछले 10 साल में जनता ने जो मौका दिया उसमें बहुत सारे काम किये। शिक्षा, स्वास्थ्य, पानी और बिजली के साथ-साथ अन्य क्षेत्रों में लोगों को राहत पहंचाने का काम किया। जनता ने जो हमें निर्णय दिया उसमें हम न केवल रचनात्मक विपक्ष की भूमिका निभायेंगे बल्कि हम लोगों के सुख दुख में काम आयेंगे।” ‘आप’ नेता ने कहा,“ हम राजनीति में सत्ता के लिए नहीं आये थे। हम राजनीति को जरिया मानते हैं जनता की सेवा करने का।‘आप’ के कार्यकर्ताओं ने बहुत शानदार चुनाव लड़ा इसके लिए सभी को बधाई देता हूं।”
दिल्ली की जनता के लिए संघर्ष जारी रहेगा : आतिशी
दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने दिल्ली की जनता का जनादेश स्वीकार करते हुए कहा है कि वह अवश्य जीत गई हैं, लेकिन आम आदमी पार्टी का संघर्ष दिल्ली की जनता के लिए जारी रहेगा। आतिशी ने शनिवार को पत्रकारों से कहा, “कालकाजी विधानसभा की जनता का धन्यवाद करना चाहती हूं कि उन्होंने मेरे ऊपर भरोसा जताया। आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं को बधाई देना चाहती हूं, जो बाहुबल, गुंडागर्दी, मार पिटाई का सामना करते हुए जमीनी मेहनत कर जनता तक पहुंचे।” उन्होंने कहा, “दिल्ली की जनता का जनादेश हमें स्वीकार है। मैं अपनी सीट जीती हूं लेकिन यह जीत का समय नहीं है। यह जंग जारी रहेगी। भाजपा की तानाशाही के खिलाफ जंग जारी रहेगी।”