➤ यातायात पुलिस का नगर में आयोजन, लोगों को नियम पालन के लिए किया प्रेरित

सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोड़के के निर्देशन में सोमवार को यहां यातायात पुलिस की ओर से “सड़क सुरक्षा–जीवन रक्षा” जन-जागरूकता अभियान के तहत बाइक रैली निकालकर लोगों में जागृति लाने का प्रयास किया गया। इस रैली का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना तथा आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना था।

पुलिस उपाधीक्षक यातायात बलवन्त सिंह रावत ने एआरटीओ रश्मि भट्ट व जेएम अनामिका सिंह की मौजूदगी में रैली को हरी झंडी दिखाकर रघुनाथ सिटी मॉल, अल्मोड़ा से रवाना किया। जो नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए टैक्सी स्टैंड अल्मोड़ा पर पहुंचकर संपन्न हुई। रैली के दौरान प्रतिभागियों ने दोपहिया वाहनों पर सड़क सुरक्षा संबंधी संदेश प्रदर्शित किए और लोगों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया। रैली में यातायात पुलिस, इंटरसेप्टर टीम, फायर सर्विस, दूरसंचार शाखा, मीडिया सेल के लोग, कोर्ट और परिवहन विभाग के लोग शामिल हुए।


