मरम्मत कार्य पूरा, भारी बारिश से क्षतिग्रस्त हुआ था पुल
प्रशासन ने हटाया प्रतिबंध
सीएनई रिपोर्टर, क्वारब/नैनीताल। लगातार हो रही बारिश के बीच राहत भरी खबर सामने आई है। भवाली–अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित रामगाड़ पुल की मरम्मत का कार्य पूरा होने के बाद प्रशासन ने यहां से भारी एवं मालवाहक वाहनों के संचालन को हरी झंडी दे दी है। अब मंगलवार, 21 जुलाई से सभी प्रकार के वाहन रामगढ़ पुल से सामान्य रूप से गुजर सकेंगे।

गौरतलब है कि 11 जुलाई को हुई मूसलाधार बारिश के चलते राष्ट्रीय राजमार्ग-87 (नया-109) के किलोमीटर-31 पर स्थित रामगाड़ पुल के बाएं एबटमेंट की डाउनस्ट्रीम विंग वॉल करीब 12 मीटर तक क्षतिग्रस्त हो गई थी। इसके कारण पुल की उपयोगी चौड़ाई घटकर मात्र करीब 3.50 मीटर रह गई थी, जिससे सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने भारी और मालवाहक वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी थी।

सुरक्षा के मद्देनजर लगाया गया था प्रतिबंध
पुल और एप्रोच मार्ग को और अधिक नुकसान से बचाने के उद्देश्य से अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के निर्देश पर 20 जुलाई तक 24 घंटे के लिए भारी एवं मालवाहक वाहनों का संचालन प्रतिबंधित कर दिया गया था। इस दौरान प्रशासन ने विभिन्न वैकल्पिक मार्गों से भारी वाहनों का संचालन कराया।
अल्मोड़ा और रानीखेत से हल्द्वानी जाने वाले भारी वाहन क्वारब–नथुवाखान–रामगढ़–भवाली मार्ग से भेजे गए, जबकि हल्द्वानी से अल्मोड़ा आने वाले भारी वाहन खुटानी मार्ग से संचालित किए गए। अन्य मालवाहक वाहनों को भी वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया गया, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रही।
एनएच विभाग ने दी राहत की खबर
राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के सहायक अभियंता (एई) प्रकाश रौतेला ने सीएनई को बताया कि रामगाड़ पुल पर आवश्यक मरम्मत एवं रखरखाव का कार्य लगभग पूरा कर लिया गया है। इसके बाद निर्णय लिया गया है कि 21 जुलाई (मंगलवार) से पुल को सभी प्रकार के वाहनों के आवागमन के लिए पूरी तरह खोल दिया जाएगा।
अब इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय राजमार्ग पर भारी एवं मालवाहक वाहनों सहित सभी वाहनों का आवागमन सामान्य रूप से शुरू हो जाएगा, जिससे कुमाऊं क्षेत्र में परिवहन और आपूर्ति व्यवस्था को बड़ी राहत मिलेगी।



