सीएनई रिपोर्टर, रुद्रपुर। देवभूमि उत्तराखंड में मानसून की प्रचंड दस्तक ने सामान्य जनजीवन को बुरी तरह से प्रभावित कर दिया है। लगातार हो रही भारी बारिश के कारण नदियाँ और नाले खतरे के स्तर से ऊपर बह रहे हैं, जिससे लोगों का घरों से निकलना भी मुश्किल हो गया है। मौसम में कुछ राहत मिलने के बावजूद नदियों का उफान थमने का नाम नहीं ले रहा है।
गत दिवस रुद्रपुर में में एक किशोर पानी के तेज बहाव में बह गया। बताया जा रहा है कि रम्पुरा वार्ड 22 निवासी 17 वर्षीय सूरज कोहली, जो कि लेखराज का पुत्र है, बुधवार दोपहर अपने कुछ दोस्तों के साथ कल्याणी नदी में नहाने गया था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नहाते समय अचानक सूरज का पैर फिसला और वह नदी के तेज बहाव में बह गया। उसके दोस्तों ने तुरंत शोर मचाया और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और किशोर की तलाश शुरू कर दी। एसडीआरएफ के गोताखोरों और राफ्ट की मदद से नदी में व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन देर शाम तक सूरज का कोई पता नहीं चल सका। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि एक पल के लिए पानी में उसका हाथ भी दिखाई दिया था, जिसके बाद उम्मीद की किरण जगी थी, लेकिन लगातार तेज बहाव के कारण बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण बना हुआ है।

