CNE REPORTR, अल्मोड़ा। अल्मोड़ा पुलिस ने चोरी की दो अलग-अलग घटनाओं का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर ज्वैलरी की दुकान से चोरी की गई 482 ग्राम शुद्ध चांदी, 497 ग्राम चांदी के आभूषण समेत अन्य धातु सामग्री तथा गोदाम से चोरी किए गए सरसों के तेल के सात टिन और गोदरेज कंपनी का फ्रिज बरामद किया है। पुलिस के अनुसार दोनों मामलों में चोरी की शत-प्रतिशत सामग्री बरामद कर ली गई है।

पहली घटना जौहरी बाजार स्थित रूद्रा इंटरप्राइजेज ज्वैलरी शॉप की है। दुकान स्वामी हनुमंत सावंत, निवासी जौहरी बाजार, अल्मोड़ा ने 1 अक्टूबर 2026 को कोतवाली अल्मोड़ा में तहरीर देकर बताया कि 30 सितंबर 2026 की रात अज्ञात व्यक्तियों ने उनकी दुकान से पुरानी चैनपट्टी, शुद्ध चांदी तथा तांबे और जस्ते के टुकड़ों सहित अन्य सामान चोरी कर लिया।
तहरीर के आधार पर कोतवाली अल्मोड़ा पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 305 (ए) और 331 (4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस जांच के दौरान सुरागरसी-पतारसी और सर्विलांस के माध्यम से संदिग्धों के संबंध में जानकारी जुटाई गई। पुलिस ने उनकी लोकेशन ट्रेस करते हुए चोरी की घटना में शामिल आरोपियों तक पहुंच बनाई।
गोदाम से तेल के सात टिन और फ्रिज चोरी
दूसरी घटना ट्रांसपोर्ट नगर निगम कॉम्प्लेक्स, माल रोड अल्मोड़ा स्थित एक गोदाम की है। गोदाम स्वामी हरीश चन्द्र जोशी, निवासी ट्रांसपोर्ट नगर निगम, अल्मोड़ा ने 2 अक्टूबर 2026 को पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 27 और 28 सितंबर 2026 के मध्य अज्ञात व्यक्तियों ने उनके गोदाम से सरसों के तेल के सात टिन और गोदरेज कंपनी का एक फ्रिज चोरी कर लिया।
इस मामले में भी कोतवाली अल्मोड़ा पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 305 (ए) और 331 (4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर शुरू हुई कार्रवाई
चोरी की दोनों घटनाओं का संज्ञान लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा चंद्रशेखर घोडके ने संबंधित पुलिस अधिकारियों को घटनाओं का शीघ्र खुलासा करने और चोरी में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
निर्देशों के क्रम में क्षेत्राधिकारी अल्मोड़ा बलवन्त सिंह रावत के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली अल्मोड़ा योगेश चन्द्र उपाध्याय के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया।
गठित टीम ने दोनों घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों से महत्वपूर्ण सुराग जुटाए। पुलिस ने ठोस सुरागरसी-पतारसी के साथ सर्विलांस की सहायता से संदिग्धों की गतिविधियों और लोकेशन को ट्रेस किया। लगातार की गई कार्रवाई के बाद पुलिस ने 2 अक्टूबर 2026 को अल्मोड़ा क्षेत्र से दोनों चोरी की घटनाओं में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार पूछताछ और आरोपियों की निशानदेही के आधार पर दोनों घटनाओं से संबंधित चोरी का पूरा सामान बरामद कर लिया गया। बरामदगी और गिरफ्तारी के बाद संबंधित मामलों में भारतीय न्याय संहिता की धारा 317 (2) की वृद्धि करते हुए आगे की वैधानिक कार्रवाई की गई।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विनोद सार्की, उम्र लगभग 21 वर्ष, पुत्र डिल्ली सार्की, निवासी ग्राम लालू, थाना खुलालू, जिला कालीकोट, नेपाल तथा नेत्र सार्की, उम्र लगभग 20 वर्ष, पुत्र जीता सार्की, निवासी ग्राम लालू, थाना खलालू, जिला कालीकोट, नेपाल के रूप में हुई है।
ज्वैलरी शॉप से बरामद हुआ यह सामान
पहली चोरी की घटना में पुलिस ने 482 ग्राम शुद्ध चांदी बरामद की। इसके अलावा 497 ग्राम चांदी से निर्मित आभूषण भी बरामद किए गए। इनमें एक माला, लक्ष्मी की एक मूर्ति, 20 पायल, तीन धागुले, एक छल्ला, एक छत्र, छह बिछुए और सफेद धातु का एक टूटा हुआ पेंडल शामिल है।
पुलिस ने चांदी की सिल्ली पर लगने वाली एक मुहर, एक पारदर्शी पन्नी में रखा तांबा, 148 ग्राम कैडमियम तथा जस्ते के टुकड़े भी बरामद किए हैं।
गोदाम से चोरी की सामग्री भी पूरी बरामद
दूसरी चोरी की घटना में पुलिस ने सरसों के तेल के सात टिन और गोदरेज कंपनी का एक फ्रिज बरामद किया है। पुलिस के अनुसार इस मामले में भी चोरी की पूरी सामग्री बरामद कर ली गई है।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
चोरी की दोनों घटनाओं के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी में उप निरीक्षक अनिल जोशी, चौकी प्रभारी बेस, कोतवाली अल्मोड़ा, अपर उप निरीक्षक कैलाश जोशी, कोतवाली अल्मोड़ा, कांस्टेबल खुशाल राम, कोतवाली अल्मोड़ा, कांस्टेबल विजय कार्की, कोतवाली अल्मोड़ा तथा कांस्टेबल राकेश खेतवाल, विशेष अभियान समूह अल्मोड़ा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


