➠ अल्मोड़ा में सरकारी बाबू की कारस्तानी, वरिष्ठ सहायक गिरफ्तार

सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: यहां धोखाधड़ी का बड़ा मामला प्रकाश में आया है। मामले में आरोपी लोनिवि प्रथम वृत्त के अधीक्षण अभियंता कार्यालय में वरिष्ठ सहायक के पद पर कार्यरत है, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि उसने जाली दस्तावेजों से बैंक को 19 लाख रूपये का चूना लगा दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक 04 नवंबर 2025 को उत्तराखण्ड राज्य सहकारी बैंक लिमिटेड, शाखा अल्मोड़ा के प्रबंधक समीर भटनाकर ने कोतवाली अल्मोड़ा में तहरीर दी। जिसमें बताया कि लोनिवि प्रथम वृत्त अल्मोड़ा के अधीक्षण अभियन्ता कार्यालय में कार्यरत वरिष्ठ सहायक हिमांशु कुमार ने बैंक में जाली दस्तावेज प्रस्तुत कर 19 लाख रुपये की क्रेडिट लिमिट स्वीकृत करा ली और क्रेडिट कार्ड के माध्यम से फर्जी तरीके से ऋण प्राप्त कर लिया। तहरीर के आधार पर कोतवाली अल्मोड़ा में धारा 318(4)/61(2) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। इसी क्रम में पुलिस ने लगातार सुरागरसी व पतारसी की और वांछित आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए। इन्हीं प्रयासों के तहत 09 जुलाई 2026 को पुलिस टीम ने आरोपी हिमांशु कुमार पुत्र जसराम निवासी दरकोट, पोस्ट रॉथी, थाना मुनस्यारी, जनपद पिथौरागढ़ को जिला चंपावत के लोहाघाट क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई है। विवेचना के बाद आरोपी के खिलाफ धारा 336(3), 338 एवं 340(2) बीएनएस की भी वृद्धि की गई है। पुलिस टीम में उप निरीक्षक मनोज कुमार, कांस्टेबल सुन्दर लाल बाराकोटी व सूरज कुमार शामिल रहे।



