विज्ञान भवन खोलने की शपथ, प्रत्याशियों ने वादों की झड़ी लगाई
सीएनई रिपोर्टर, बागेश्वर। बीडी पांडे कैंपस में छात्रसंघ चुनाव के लिए गुरुवार को जनरल गैदरिंग (आम सभा) का आयोजन किया गया। इस दौरान चुनावी माहौल पूरे कैंपस पर हावी रहा। छात्र समर्थक अपने नेताओं को कंधे पर बिठाकर मंच तक लाए और जोरदार नारेबाजी करते रहे। मंच से सभी छात्र नेताओं ने वादे और दावों की झड़ियां लगा दीं।
इस बार अध्यक्ष पद पर त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिलेगा। मैदान में एनएसयूआई से सागर जोशी, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) से हरेंद्र सिंह दानू और निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में पंकज कुमार हैं।
एक प्रत्याशी ने अपने भाषण में सबसे बड़ा वादा करते हुए कहा कि अगर वह जीतते हैं तो जब तक विज्ञान भवन छात्रों के लिए नहीं खुल जाता, वह शपथ नहीं लेंगे। अन्य प्रमुख वादों में छात्राओं के लिए अलग से शौचालय बनाने और पुस्तकालय को आधुनिक उपकरणों से लैस करने की बात कही गई। सभी प्रत्याशियों ने खुद को छात्र हितों के लिए समर्पित बताया।
अन्य पदों पर स्थिति स्पष्ट
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. पुष्पा ने बताया कि अध्यक्ष पद पर तीन और उपाध्यक्ष (छात्र) पद पर दो प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। उपाध्यक्ष (छात्र) पद पर संस्कार भारती और हर्षवर्धन पांडे के बीच सीधी टक्कर होगी। अन्य पदों पर एकल नामांकन के कारण चुनाव लगभग तय माने जा रहे हैं। इनमें उपाध्यक्षा (छात्रा) के लिए दिव्या दानू, सचिव ललित कुमार, संयुक्त सचिव पियूष तिवारी, कोषाध्यक्ष मनीष चौबे, सांस्कृतिक सचिव दीया खेतवाल और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि दीपांशु आर्य का चुना जाना तय है।
डॉ. पुष्पा ने बताया कि शुक्रवार को मतदान होगा, जिसके लिए पोथिंग बूथ बनाए जाएंगे।
देखना यह है कि बागेश्वर कैंपस के छात्र किसके वादों पर भरोसा जताते हैं।


