16 मार्च को होगी ऑनलाइन नीलामी
CNE REPORTER, अल्मोड़ा। तहसील सदर परिसर में मंगलवार को शत्रु संपत्ति की ई-नीलामी को लेकर एक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी सदर संजय कोहली ने की। इस दौरान तहसीलदार सदर ज्योति भी मौजूद रहीं। शिविर में होटल एसोसिएशन अल्मोड़ा के अध्यक्ष अरुण वर्मा समेत बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों और संभावित प्रतिभागियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम में शत्रु संपत्ति अभिरक्षक कार्यालय, लखनऊ शाखा से आए प्रशांत सिंह सैनी ने उपस्थित लोगों को ई-नीलामी की पूरी प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नीलामी में भाग लेने के लिए प्रतिभागियों को पहले ऑनलाइन पंजीकरण करना होगा। इसके बाद निर्धारित राशि के रूप में प्री-ईएमडी (अर्नेस्ट मनी डिपॉजिट) जमा करनी होगी। साथ ही नीलामी में शामिल होने के लिए आवश्यक नियमों और दिशा-निर्देशों की भी जानकारी दी गई।
शिविर में बताया गया कि जनपद अल्मोड़ा के ग्राम खतियाड़ी में स्थित गाटा संख्या 19076, 19077, 19078, 19079 और 19080 की कुल शत्रु संपत्ति में से 0.2510 हेक्टेयर (लगभग 12.5 नाली) भूमि की ई-नीलामी प्रस्तावित है। इस संपत्ति का बेस प्राइस 9 करोड़ 63 लाख रुपये निर्धारित किया गया है। नीलामी में भाग लेने के लिए 25 लाख रुपये की फ्री ईएमडी राशि तय की गई है।
प्रशासन की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार इस संपत्ति की ई-नीलामी 16 मार्च 2026 को एमएसटीसी ई-ऑक्शन पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आयोजित की जाएगी। नीलामी प्रक्रिया सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगी।
शिविर के दौरान उपस्थित लोगों को नीलामी से संबंधित सभी आवश्यक जानकारी प्रदान की गई और इच्छुक व्यक्तियों से समय रहते पंजीकरण कर नीलामी प्रक्रिया में भाग लेने का आह्वान किया गया। प्रशासन की इस पहल की स्थानीय नागरिकों ने सराहना करते हुए इसे पारदर्शिता और जनजागरूकता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।


