CNE REPORTER, बेरीनाग (पिथौरागढ़): उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले से एक हृदयविदारक खबर सामने आई है। यहाँ बेरीनाग तहसील के चाकबोरा मोटर मार्ग पर एक ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।
इस भीषण हादसे में कार सवार दो सगी देवरानी-जेठानी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वाहन चालक गंभीर रूप से घायल है। यह हादसा बुधवार दोपहर करीब 3 बजे उस वक्त हुआ जब चालक सड़क पर आए एक जानवर को बचाने की कोशिश कर रहा था।

हादसे का विवरण: अनियंत्रित होकर 150 मीटर नीचे गिरी कार
मिली जानकारी के अनुसार, ऑल्टो कार (संख्या UK TA 5128) राईआगर कस्बे से पिथौरागढ़ की ओर जा रही थी। चाकबोरा मार्ग पर अचानक कार अनियंत्रित हुई और सीधे खाई में समा गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर बेरीनाग कोतवाल नरेश कुमार गंगवार के नेतृत्व में पुलिस और हाईवे पेट्रोलिंग टीम ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया।
मृतकों और घायल की पहचान
इस दुर्घटना में जान गंवाने वाली दोनों महिलाएं आपस में देवरानी-जेठानी थीं और दोनों ही विधवा थीं। घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
- मृतक 1: हीरा देवी (44 वर्ष), पत्नी स्व. नरेंद्र सिंह, निवासी- ग्वाल राम मंदिर, पिथौरागढ़।
- मृतक 2: उमा देवी (45 वर्ष), पत्नी स्व. पूरन सिंह, निवासी- ग्वाल, पिथौरागढ़।
- घायल: गोकुल कुमार आगरी (28 वर्ष), निवासी- बोराआगर। (सिर और पैर में गंभीर चोट, हायर सेंटर रेफर)।
जानवर को बचाने के चक्कर में हुआ हादसा
अस्पताल में उपचार के दौरान घायल चालक गोकुल कुमार ने बताया कि दोपहर करीब 2 बजे उसने राईआगर से महिलाओं को कार में बैठाया था। सफर के दौरान अचानक सड़क पर कोई जानवर सामने आ गया, जिसे बचाने के प्रयास में उसने स्टीयरिंग से नियंत्रण खो दिया और कार सीधे गहरी खाई में जा गिरी।

