👉 उभरते जनाक्रोश को देख स्थलीय निरीक्षण को क्वारब पहुंचे डीएम आलोक कुमार पांडेय
सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: क्वारब को लेकर उभरते जनाक्रोश को देखते हुए मंगलवार को जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडेय ने दरकती पहाड़ी से खतरा बने क्वारब क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने दो टूक चेतावनी दी कि किसी प्रकार की लापरवाही बरते जाने पर संबंधित अधिकारी व कार्मिक के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल लाई जाएगी।
जिलाधिकारी ने क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति, सड़क की वर्तमान दशा व संभावित खतरनाक स्थलों का गहन अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बड़े वाहनों के लिए भी रास्ता तुरंत खोला जाए, क्योंकि आमजन बड़े स्तर पर प्रभावित हो रहा है। डीएम ने कहा कि सड़क पर भूस्खलन रोकने के लिए आवश्यक सुरक्षा उपायों को शीघ्र क्रियान्वित किया जाए, ताकि आमजन एवं यात्रियों को किसी भी प्रकार की कठिनाई का सामना नहीं करना पड़े। निरीक्षण के दौरान उन्होंने एनएच एवं संबंधित विभागों को सख्त निर्देश दिए कि क्वारब में जो भी संवेदनशील स्थान हैं, वहाँ तत्काल सुरक्षा दीवार, ढलानों को स्थिर बनाने का कार्य किया जाए।
उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही की स्थिति में संबंधित अधिकारी एवं कार्मिक के विरुद्ध सख्त कार्यवाही की जाएगी। जिलाधिकारी ने अधीक्षण अभियंता को सभी श्रमिकों का बीमा, कार्य स्थल पर लगे मजदूरों की सुरक्षा का ध्यान, श्रमिकों को आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध व लाइट की भी उचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि लौटते मानसून के दौरान अल्मोड़ा क्षेत्र में बारिश की संभावना अधिक रहती है, इसलिए सभी सुरक्षा उपायों को भी ध्यान में रखकर काम करें।

