✍️ पांचवा स्थापना दिवस कार्यक्रम में बोले कुलपति प्रो. सतपाल बिष्ट
सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय का बुधवार को 5वां स्थापना दिवस मनाया गया। इस मौके पर विश्वविद्यालय की समस्याओं और चुनौतियों का उल्लेख हुआ और अब तक की उपलब्धियों पर चर्चा हुई। कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट ने कहा कि विवि की प्रगति के लिए भरसक प्रयत्न किए जाएंगे।
सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन में कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट की अध्यक्षता में आयोजित स्थापना दिवस कार्यक्रम में कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट ने कहा कि विश्वविद्यालय की कई चुनौतियों का सामना करते हुए उपलब्धियां अर्जित की जा रही हैं। विश्वविद्यालय को बेहतर बनाने के लिए निरंतर कार्य किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कार्मिकों के पद सृजन के लिए प्रक्रिया शासन स्तर पर गतिमान है। उन्होंने सभी को विवि के स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। पूर्व कुलपति प्रो. जगत सिंह बिष्ट ने अपने संबोधन में कहा कि विश्वविद्यालय प्रगति की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने विश्वविद्यालय की समस्याओं और चुनौतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि चुनौतियों का मुकाबला करने के लिए कार्य किए जाने की जरूरत है। आईओएसी के निदेशक प्रो. सुशील कुमार जोशी ने कहा कि विश्वविद्यालय की नींव मजबूत बनाने में संविदा शिक्षकों, शिक्षणेत्तर कर्मियों का काफी योगदान रहा है। ऐसे में उनके भविष्य के बारे में सोचने की जरूरत बताई। संचालन डॉ. ललित चंद्र जोशी ने किया। कार्यक्रम में परीक्षा नियंत्रक डॉ. पंकज साह, वित्त अधिकारी अमित कुमार त्रिपाठी, प्रो. अरविंद सिंह अधिकारी, क्रीड़ा प्रभारी लियाकत अली, विपिन चंद्र जोशी, गोविंद मेर, विनीत कांडपाल, नेहा पांडे, आलोक वर्मा, डॉ. खगेन्द्र खोलिया, डॉ. ममता जोशी, डॉ. बिष्ट, प्रेम सिंह आदि सहित कर्मचारी भी शामिल हुए।
विवि का संरचनात्मक ढांचा बनेगा बेहतर: कुलपति
—————
अल्मोड़ा: विवि के स्थापना दिवस के मौके पर आयोजित प्रेसवार्ता में कुलपति प्रो. बिष्ट ने कहा कि विश्वविद्यालय ने कई उपलब्धियां अर्जित की हैं। जिनमें देश व विदेश के 15 उत्कृष्ट शैक्षिक एवं शोध संस्थानों के साथ एमओयू पर हस्ताक्षर होना, हैप्पीनेस सेंटर, स्वामी विवेकानन्द-महात्मा गांधी आध्यात्मिक पर्यटन परिपथ अध्ययन केंद्र, उद्यमिता विकास केंद्र की स्थापना आदि शामिल है। उन्होंने कहा कि खेल, एनसीसी एवं एनएसएस के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय पटल पर कई उपलब्धियां प्राप्त की हैं। इसके अलावा कई नये कार्य शुरू किए गए हैं और समस्याओं के समाधान की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं। कुलपति ने बताया कि कई नये पाठ्यक्रमों के संचालन के प्रस्ताव शासन को प्रेषित किए गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि विश्वविद्यालय में शीघ्र ही शिक्षकों एवं कार्मिकों की भर्ती की जाएगी और विश्वविद्यालय के संरचनात्मक ढांचे को बेहतर बनाया जाएगा।


