







👉 त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन की तैयारियां तेज, डीएम की अध्यक्षता में रेंडमाइजेशन
सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन की तैयारियों के क्रम में शनिवार को जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडेय की अध्यक्षता में पीठासीन अधिकारियों एवं मतदान अधिकारी प्रथम, द्वितीय, तृतीय एवं मतदान अधिकारी चतुर्थ के चयन के लिए रैंडमाइजेशन प्रक्रिया आयोजित की गई। यह प्रक्रिया भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेषीकृत सॉफ्टवेयर के माध्यम से संपन्न हुई।
प्रक्रिया में जनपद के सभी 11 विकासखंडों से प्राप्त कार्मिकों का डेटा शामिल किया गया, जिनका यादृच्छिक चयन कर पोलिंग पार्टियों तैयार की गई। इस रेंडमाइजेशन में पीठासीन अधिकारी, मतदान अधिकारी प्रथम, द्वितीय , तृतीय एवं चतुर्थ की ड्यूटी निर्धारित की गई है, जिसके आधार पर आगामी प्रशिक्षण कार्यक्रम और तैनाती की रूपरेखा तैयार की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन कार्य अत्यंत गंभीर और संवेदनशील दायित्व है, जिसमें प्रत्येक नियुक्त कार्मिक की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। इस रेंडमाइजेशन में रिजर्व समेत कुल 9146 कार्मिकों का डेटा शामिल हुआ। इनमें से 1281 बूथों के लिए रिजर्व समेत 1516 मतदान पार्टियां तैयार की गई हैं। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा, अपर जिलाधिकारी सीएस मर्तोलिया, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी शिवा पांडेय , निर्वाचन शाखा के कर्मचारी एवं तकनीकी टीम के सदस्य उपस्थित रहे।












