CNE REPORTER, अल्मोड़ा। जनपद में गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस और ‘ऑपरेशन स्माइल’ की टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। संयुक्त टीम ने अलग-अलग क्षेत्रों से लापता हुई दो महिलाओं को सकुशल ढूंढ निकाला और कानूनी कार्यवाही के बाद उन्हें उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।

अपर पुलिस अधीक्षक हरबन्स सिंह के मार्गदर्शन और सीओ अल्मोड़ा बलवन्त सिंह रावत व सीओ रानीखेत विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण में यह कार्यवाही संपन्न हुई। कोतवाली सोमेश्वर, थाना देघाट और ऑपरेशन स्माइल टीम ने आपसी समन्वय दिखाते हुए बेहद कम समय में इन महिलाओं की तलाश पूरी की।
मामला 1: सोमेश्वर से लापता बहू मिली
9 मार्च 2026 को सोमेश्वर निवासी एक व्यक्ति ने अपनी बहू के बिना बताए कहीं चले जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रभारी निरीक्षक मदन मोहन जोशी और ऑपरेशन स्माइल टीम की प्रभारी जानकी भण्डारी के नेतृत्व में पुलिस ने सुरागरसी-पतारसी तेज की। टीम के प्रयासों से महिला को सकुशल बरामद कर लिया गया।
मामला 2: बागेश्वर से बरामद हुई युवती
दूसरा मामला थाना देघाट का है, जहाँ 8 मार्च को एक युवती के लापता होने की तहरीर दी गई थी। थानाध्यक्ष गंगा राम और जानकी भण्डारी की संयुक्त टीम ने युवती की खोजबीन शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और सूचना तंत्र की मदद से 12 मार्च 2026 को युवती को जनपद बागेश्वर से बरामद किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके ने जनपद के सभी थाना प्रभारियों और ऑपरेशन स्माइल टीम को गुमशुदा व्यक्तियों की बरामदगी के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्य करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने पुलिस टीम की इस कार्यकुशलता की सराहना की है, जिससे दो परिवारों की चिंताएं समाप्त हो सकीं।


