HomeUttarakhandAlmoraप्रतिभा सम्मानः अल्मोड़ा की तीन प्रतिभाएं सम्मानित

प्रतिभा सम्मानः अल्मोड़ा की तीन प्रतिभाएं सम्मानित

ADVERTISEMENTS

✒️ उच्च सफलता पर दीक्षिता, कान्हा व हिफजान का नागरिक सम्मान

✒️ पालिकाध्यक्ष प्रकाश जोशी की पहल पर सम्मान को जुटे कई लोग

सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ाः प्रतिभाएं मेहनत, जज्बे व लगन के बल पर न केवल स्वयं को साबित करती हैं, बल्कि पीछे आ रही पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत का काम करती हैं और अपने गांव, क्षेत्र, जिला, प्रदेश व देश का नाम रोशन करती हैं। ऐसी ही प्रतिभाओं में अल्मोड़ा की दीक्षिता जोशी, कान्हा जोशी व हिफजान खान ने प्रमुखता से अपना नाम शुमार किया है। ऐसी प्रतिभाओं का सम्मान कर प्रोत्साहित करने और नई पीढ़ी का मार्गदर्शन करने के लिए बेहद जरूरी है। इसी क्रम में आज इन तीनों प्रतिभाओं का नगर पालिका सभागार अल्मोड़ा में नागरिक अभिनंदन किया गया। यह सम्मान समारोह नगरपालिका अध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी की पहल पर आयोजित हुआ। जिसका शुभारंभ सभी अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया।

दीक्षिता की बड़ी उपलब्धि


आज नगर पालिका परिषद अल्मोड़ा के स्व. विजय जोशी सभागार में आयोजित प्रतिमा सम्मान समारोह मूल रूप से दन्या, अल्मोड़ा निवासी दीक्षिता जोशी को फूलमाला पहनाकर, शाल ओढ़ाकर, पुष्पगुच्छ व स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। इस मौके पर दीक्षिता जोशी की माता दीपा जोशी एवं पिता फार्मासिस्ट आईके जोशी को भी सम्मानित किया गया। यह परिवार वर्तमान में हल्द्वानी में रहता है। उल्लेखनीय है कि दीक्षिता ने इस दफा भारतीय सिविल सेवा आईएएस की परीक्षा में सफलता प्राप्त की है। खास बात ये है कि दीक्षिता ने इतनी बड़ी उपलब्धि सिर्फ स्वयं की कड़ी मेहनत व लगन से प्राप्त की है। इसके लिए उन्होंने कभी कोई कोचिंग का सहारा नहीं लिया। उनका खचाखच भरे सभागार में मौजूद सभी लोगों ने करतल ध्वनि से अभिनंदन किया।

कान्हा बने सहायक कमांडेंट

बख्शीखोला अल्मोड़ा निवासी कान्हा जोशी ने संघ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित सहायक कमान्डेन्ट परीक्षा उत्तीर्ण कर पूरे देश में 16वां स्थान पाया है, जो बड़ी उपलब्धि है। यह भी साबित किया है कि हिन्दी माध्यम से भी देश में उच्च रैंकिंग प्राप्त की जा सकती है। उन्हें भी माला पहनाकर, पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र व प्रतीक चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया। साथ ही उनकी माता प्रेमा जोशी एवं पिता किशन चन्द्र जोशी को भी सम्मान प्रदान किया गया।

हिफजान ने खेल में बनाई साख

अल्मोड़ा कैंट क्षेत्र में ईदगाह के समीप निवासी हिफजान खान ने फुटबाल में अंडर-14 में भारतीय टीम में खेलकर अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवाया है। पढ़ाई के साथ-साथ खेल में रुचि लेते हुए उन्होंने शानदार प्रतिभा को साबित किया। हिफजान ने अण्डर-14 फुटबाल में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए विजय प्राप्त की। उन्हें पुष्प गुच्छ, माल्यार्पण, अंगवस्त्र व प्रतीक चिह्नों से सम्मानित किया गया और उनकी माता एवं पिता जुबेर खान का भी सम्मान किया गया।

प्रतिभाएं नई पीढ़ी का मार्गदर्शकः जोशी

अल्मोड़ा की प्रतिभाओं का सम्मान करते हुए समारोह के संयोजक एवं पालिकाध्यक्ष प्रकाश चन्द्र जोशी ने कहा कि यह सम्मान अल्मोड़ा नगर के नागरिकांे की ओर से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जो बच्चे ऊंचे सपने देखते हैं और जिनके हौंसले बुलन्द रहते हैं, ऐसे ही बच्चे अपने जज्बे के बल पर कठिन चुनौती को पार करके भी सफलता प्राप्त कर लेते हैं और आने वाली पीढ़ी के लिए मार्गदर्शक का काम भी करते हैं। पालिकाध्यक्ष ने कहा कि दीक्षिता जोशी ने कठिन परीक्षा आईएएस में बिना किसी कोचिंग के ही उच्च सफलता हासिल की है। वहीं कान्हा जोशी ने संघ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित सहायक कमान्डेन्ट परीक्षा में देशभर में 16वां स्थान प्राप्त की है जबकि हिफजान खॉन ने फुटबाल में अण्डर-14 भारतीय टीम में खेलकर यह दिखाया है कि पढ़ाई के साथ-साथ खेल पर भी ध्यान देकर उच्च मंजिल हॉसिल की जा सकती है। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे पढ़ाई के साथ खेलों पर भी ध्यान केन्द्रित करें तथा नशे से दूर रहें।

प्रतिभाएं बोलीं, लक्ष्य पर बढ़ें

तीनों प्रतिभाओं ने सम्मान के लिए पालिका और अन्य संगठनों का आभार प्रकट किया और अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों व समाज को दिया। उन्होंने युवाओं को प्रेरणा देते हुए कहा कि जीवन में सफलता के साथ असफलताएं भी अवश्य आती रहती हैं, किंतु असफलताओं को दरकिनार कर सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य की बढ़ना चाहिए। सफलता के लिए निरंतर प्रयासरत रहना जरूरी है।

डा. लक्ष्मीकांत का भी सम्मान

इस समारोह की अध्यक्षता कर रहे विवेकानन्द पर्वतीय कृषि अनुसंधान संस्थान के निदेशक डॉ. लक्ष्मीकान्त को भी सम्मानित करते हुए शुभकामनाएं दी गईं। वह अब संस्थान के पूर्णकालिक निदेशक बने हैं। उक्त तीनों प्रतिभाओं को पालिका समेत होटल एसोसियेशन, बैडमिंटन एशोसियेशन, फुटबाल एसोसियेशन, डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन एवं मुस्लिम समाज की ओर से सम्मानित किया गया और बधाई के साथ शुभकामनाएं प्रदान की। कार्यक्रम का संचालन सभासद राजेन्द्र तिवारी ने किया। अन्त में पालिका के अधिशासी अधिकारी भरत त्रिपाठी ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया।

ये रही प्रमुख उपस्थिति

पालिकाध्यक्ष प्रकाश चन्द्र जोशी, अर्बन बैंक के पूर्व चेयरमैन आनन्द सिंह बगडवाल, डे-केयर सेन्टर के अध्यक्ष हेमचन्द्र जोशी, सभासद दीपा साह, मनोज जोशी, कांग्रेस के जिलाध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह भोज, नगर अध्यक्ष तारा चन्द्र जोशी, पूर्व सभासद अशोक पाण्डे, हरीश कनवाल, डॉ. जेसी दुर्गापाल, एडवोकेट केवल सती, नूरखान, लक्ष्मण सिंह ऐठानी, महेश लाल, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रवि रौतेला, एलके पन्त, चन्द्रमणि भट्ट, डॉ. रमेश लोहनी, कमल कुमार पाठक, लक्ष्मण सिंह नवीन जोशी, निर्मल जोशी, निर्मल रावत सहित नगर के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS
RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments