👉 सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने खींचे दर्शक, रविवार को हजारों मेलार्थी उमड़े
👉 कवि सम्मेलन, माता की चौकी व भजन-कीर्तनों ने भी छोड़ी विशिष्ट छाप
सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: यहां कदली वृक्षों से मां नन्दा–सुनंदा की मनमोहक प्रतिमाएं बनकर तैयार कर ली गईं हैं। जो हुनरमंद कलाकारों ने कड़ी मेहनत कर बनाईं। दूसरी ओर स्टार नाइट में कलाकारों ने दर्शकों को थिरकने पर मंजबूर कर दिया। नंदादेवी मंदिर परिसर के मंच पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समां बांधा। रविवार को मेले में मेलार्थियों की अभूतपूर्व भीड़ उमड़ी। व्यवस्था बनाने में पुलिस को मशक्कत करनी पड़ी।

अल्मोड़ा नंदादेवी महोत्सव की धूम से माहौल नंदामय है। एक ओर पूजा अर्चना करने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ मंदिर में लगी रही। तो दूसरी ओर कार्यक्रमों का लुत्फ उठाने बड़ी संख्या में दर्शक पहुंचे। इसके अलावा विविध दुकानों पर अपने पसंद का सामान खरीदने को भीड़ जुटी रही। पौराणिक नन्दादेवी महोत्सव के तहत कदली वृक्षों से नन्दा–सुनंदा की मूर्तियों का निर्माण हो चुका है। मूर्ति निर्माण समिति के संयोजक रवि गोयल का मूर्ति निर्माण में विशेष योगदान रहा।
स्टार नाइट समेत विविध कार्यक्रमों ने खींचे दर्शक

नंदादेवी मंदिर परिसर में दिशा अकेडमी अल्मोड़ा द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक संध्या का भव्य आयोजन हुआ। कलाकारों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की कड़ी में सबसे पहले भरतनाट्यम नृत्य प्रस्तुत किया गया। कव्वाली ने माहौल को सूफियाना रंग दिया, तो वहीं कृष्ण लीला मंचन ने दर्शकों को भक्ति रस से सराबोर कर दिया। कार्यक्रम का संचालन निर्देशक राजेंद्र तिवारी, शगुन त्यागी और हर्षिता तिवारी ने किया। जीविका म्यूजिक ग्रुप की शानदार प्रस्तुति पूनम पाठक द्वारा दी गई। ऐतिहासिक मां नंदादेवी मेले के अंतर्गत शनिवार देर रात एडम्स गर्ल्स इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित स्टार नाइट में सांस्कृतिक रंगारंग प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। लोकगायक प्रकाश काला व सुंदर बाफिला के मधुर स्वरों ने पूरे वातावरण में गीत व संगीत का रंग भरा। कुमाऊंनी लोकधुनों और गीतों पर दर्शक देर रात तक झूमते रहे। कार्यक्रम की शुरुआत प्रसिद्ध लोकगायिका हेमा ध्यानी की मधुर प्रस्तुति से हुई। उन्होंने कुमाऊंनी संस्कृति से जुड़ी अनेक गीत प्रस्तुत कर श्रोताओं को बांध लिया। दूसरी तरफ नंदादेवी मंदिर परिसर के मंच पर स्टार नाइट में दीवान कनवाल, अजय ढौंडियाल और मनोज आर्या की गायकी ने दर्शकों को देर रात तक झूमने पर मजबूर कर दिया।
माता की चौकी में भजन-कीर्तनों की धूम

नंदादेवी मंदिर प्रांगण में रविवार को श्रद्धा और भक्ति का अनुपम संगम देखने को मिला। घुश्मेश्वर महिला समिति ने मां नंदा सुनंदा की चौकी का भव्य आयोजन किया। माता के जयकारों और भजन-कीर्तन से संपूर्ण प्रांगण गूंज उठा। समिति की अध्यक्ष लता तिवारी, सचिव प्रीति बिष्ट, कोषाध्यक्ष राधा तिवारी के साथ समिति की कई महिलाओं ने इसमें अहम भूमिका निभाई।चौकी में भजनों और देवी गीतों की स्वर लहरियों ने भक्तों को भाव-विभोर कर दिया।
कविताओं में पिरोई संस्कृति व साहित्य

रविवार को एडम्स मैदान में भव्य कवि सम्मेलन भी हुआ। जिसमें साहित्य और संस्कृति का अद्भुत संगम हुआ। कवियों ने अपनी ओजस्वी, व्यंग्यात्मक, भावनात्मक और प्रेरणादायी रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष मनोज वर्मा व संचालन मेला समिति के सचिव मनोज सनवाल ने किया। जिसमें मुख्य अतिथि पूर्व पालिका अध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी रहे। जिसमें डॉ. डीएस बोरा, विपिन जोशी ‘कोमल’, शंकर जोशी, प्रेमा गड़कोटी, विनीता जोशी, कमला बिष्ट, ध्रुव टम्टा, केवलानंद जोशी, उदय किरौला, मोहन लाल टम्टा, धाराबल्लभ पांडेय, प्रो. रिजवाना सिद्दीकी, नरेंद्र पाल सिंह, बीना चतुर्वेदी, दिनेश पांडेय, प्रो. हामिद अंसारी, नवनी बिष्ट, प्रो. देव सिंह पोखरिया आदि ने रोचक, प्रेरक व हास्य व्यंग्य रचनाएं प्रस्तुत कीं।
व्यवस्थाओं में इनका रहा योगदान
कार्यक्रम की व्यवस्थाओं का जिम्मा समिति के विभिन्न पदाधिकारियों और सदस्यों ने संभाला। जिनमें मेला समिति के अध्यक्ष मनोज वर्मा, सचिव मनोज सनवाल, मुख्य सांस्कृतिक संयोजक तारा जोशी, मेला सह संयोजक रवि गोयल, व्यवस्थापक अनूप साह, कोषाध्यक्ष हरीश बिष्ट, मुख्य संयोजक अर्जुन बिष्ट चीमा, संयोजक अमित साह मोनू, अमरनाथ नेगी, अमरनाथ सिंह नेगी, मीडिया प्रभारी कपिल मल्होत्रा, पार्षद कुलदीप मेर, सह संयोजक अभिषेक जोशी, मनोज भंडारी मंटू, धन सिंह मेहता, जीवन नाथ वर्मा, राजेंद्र बिष्ट, हरीश भंडारी, हितेश वर्मा, जगत तिवारी, आशीष बिष्ट, दया कृष्ण परगाई, नमन बिष्ट, पंकज परगाई, आदित्य बिष्ट, गोविन्द मेहरा और गीता मेहरा सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

