➤ पहाड़ में नासूर बन रहा नशा: पुलिस ने नशेड़ी पुत्र को नशा मुक्ति केंद्र में कराया भर्ती

सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: पहाड़ में नशे की लत किस कदर मुसीबत बनते जा रही है, इस बात का एक ताजा उदाहरण जिले के द्वाराहाट थानांतर्गत बग्वालीपोखर में मिला है। जहां बुजुर्ग माता-पिता के लिए उनका ही पाल्य व सहारा नशे के चक्कर में उनके लिए ही मुसीबत बन गया और बुजुर्ग पिता को पुलिस की मदद लेनी पड़ी।
मामले के मुताबिक डायल-112 के माध्यम कोतवाली द्वाराहाट क्षेत्रांतर्गत बग्वालीपोखर निवासी गणेश दत्त ने सूचना दी कि उनका पुत्र नशे का आदी है तथा आए दिन घर में मारपीट एवं विवाद करता रहता है। सूचना मिलने पर कोतवाली द्वाराहाट के प्रभारी निरीक्षक विनोद जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां पूछताछ करने पर पुलिस को पता चला कि गणेश दत्त का 34 वर्षीय पुत्र प्रमोद भट्ट लंबे समय से नशे की लत से पीड़ित है। इससे उसके वृद्ध माता-पिता अत्यंत परेशान एवं असहाय स्थिति में आ गए हैं। जिस उम्र में पुत्र को अपने बुजुर्ग माता-पिता का सहारा बनकर उनकी सेवा करनी चाहिए थी, उस उम्र में नशे की लत में मस्त होकर वह परिवार के प्रति चिंतामुक्त हो गया और उल्टा परेशानी का कारण बन गया। अंतत: हारकर पिता को पुलिस में शिकायत करनी ही पड़ी।
पुलिस टीम ने युवक एवं उसके परिजनों की काउंसलिंग कराई गई और नशे के दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही विनोद को सामान्य जीवन की ओर लौटने के लिए प्रेरित किया गया। इसके बाद उसके परिवार के साथ समन्वय स्थापित करने के बाद युवक को उपचार के लिए बेस चिकित्सालय अल्मोड़ा स्थित नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया गया है। इस कार्रवाई पर बुजुर्ग माता-पिता ने मदद व सहयोग के लिए अल्मोड़ा पुलिस का आभार व्यक्त किया।


