👉 सोमेश्वर तहसील के द्यूना गांव में प्रयोगात्मक प्लाटों में क्रॉप कटिंग
सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडेय की देखरेख में धान की फसल की क्रॉप कटिंग (कटाई) का कार्य तहसील सोमेश्वर के ग्राम द्यूना में किया गया। इस मौके पर जिलाधिकारी ने खेतों में पहुंचकर स्वयं फसल कटाई की और किसानों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों को जाना।

जिलाधिकारी ने बताया कि विभिन्न फसलों का क्रॉप कटिंग का प्रयोग राजस्व विभाग, कृषि संख्यिकी विभाग द्वारा संयुक्त रूप से किया जाता है। इन क्रॉप कटिंग प्रयोगों से प्राप्त उत्पादन के ऑकड़ों का प्रयोग उत्पादन का अनुमान लगाने, उत्पादकता की गणना करने एवं प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना अन्तर्गत बीमा दावों का भुगतान किये जाने में होता है। इन ऑकड़ों से कृषकों के लिये नीतियों एवं योजनाओं के निर्माण में सरकार अन्य संम्बन्धित संगठनों को सहायता मिलती है। क्राप कटिंग प्रयोग के अन्तर्गत प्रयोगात्मक 02 प्लाट बनाये गये। इन प्लाटों में धान के पौधों को काटकर मढाई उपरान्त अनाज प्राप्त किया गया जो क्रमशः प्रथम प्लाट में 8.3 किग्रा एवं द्वितीय प्लाट में 9.4 किग्रा धान तोला गया।
जिलाधिकारी ने किसानों की हौंसला अफजाई करते हुए उनके द्वारा उत्पादित किए जा रही फसलों के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि किसानों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में आधुनिक/जैविक खेती करने के लिए संबंधित विभागों द्वारा कई कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। इसके लिए संबंधित विभागों द्वारा कृषकों को गुणवत्तायुक्त बीज एवं उचित प्रशिक्षण भी उपलब्ध कराया जा रहा है। इस दौरान किसानों ने जंगली जानवरों व पेयजल समस्या से जिलाधिकारी को अवगत कराया। इस पर जिलाधिकारी समस्याओं को सुनते हुए उनके निराकरण हेतु आश्वासन दिया। इस मौके पर अपर सांख्यिकी अधिकारी अशोक कुमार, तहसीलदार सोमेश्वर नेहा धपोला , राजस्व उप निरीक्षक नीमा आर्या, ग्राम प्रधान सहित राजस्व विभाग एवं कृषि विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।

