मास्टर प्लान बनने के बाद जागेश्वरधाम में लगेगा लाखों श्रद्धालुओं का तांता: धामी

✍️ मुख्यमंत्री ने जागेश्वर (अल्मोड़ा) पहुंचकर किया पौराणिक श्रावणी मेले का शुभारंभ ✍️ रुद्राभिषेक व पूजा—अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख—समृद्धि की कामना ✍️ दर्जनभर से…

मास्टर प्लान बनने के बाद जागेश्वरधाम में लगेगा लाखों श्रद्धालुओं का तांता: धामी

✍️ मुख्यमंत्री ने जागेश्वर (अल्मोड़ा) पहुंचकर किया पौराणिक श्रावणी मेले का शुभारंभ
✍️ रुद्राभिषेक व पूजा—अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख—समृद्धि की कामना
✍️ दर्जनभर से अधिक घोषणाएं, बोले— अल्मोड़ा शहर के विस्तार की योजना है

सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार जिले के प्रसिद्ध जागेश्वरधाम पहुंचे और उन्होंने एक माह तक चलने वाले पौराणिक श्रावणी मेले का शुभारंभ किया। साथ मंदिर परिसर में पौधा रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। सीएम ने मंदिर में जलाभिषेक व पूजा—अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख—समृद्धि की कामना की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि जागेश्वर धाम का मास्टर प्लान के कार्य पूरा होने के बाद प्रतिवर्ष करीब 10 लाख श्रद्धालु यहां पहुंचने की उम्मीद है। उन्होंने क्षेत्रीय विकास के लिए एक दर्जन से अधिक घोषणाएं भी कीं। उन्होंने कहा कि अल्मोड़ा शहर के विस्तार की भी योजना है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जागेश्वरधाम में महादेव का पंचामृत से रुद्राभिषेक किया और पूजा अर्चना करते हुए श्रावणी मेले का शुभारंभ किया। इस दौरान भंडारा स्थल में पदम का वृक्ष भी लगाया। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने प्रदेश वासियों को हरेला पर्व एवं श्रावणी मेले की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार उत्तराखंड के विकास को समर्पित सरकार है। इसी का प्रतिफल है कि नीति आयोग की सतत विकास रिपोर्ट में उत्तराखंड प्रथम स्थान पर है। अल्मोड़ा के कोसी से कौसानी तक साइकिल ट्रैक के निर्माण का कार्य किया जा रहा है, जिससे अल्मोड़ा जनपद के पर्यटन को गति मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि जागेश्वर धाम पौराणिक संस्कृति का प्रतीक है। यहां अलग ही शांति की अनुभूति मिलती है और यहां का श्रावणी मेला सदियों से श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहा है। उन्होंने कहा कि जब से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जागेश्वरधाम में पूजा अर्चना की है, तब से यहां श्रद्धालुओं की संख्या में गुणात्मक वृद्धि हुई है।

उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश के तीर्थाटन को बढ़ाने के लिए लगातार प्रयासरत है और केदारनाथ एवं बदरीनाथ के मास्टर प्लान की तर्ज पर जागेश्वरधाम के मास्टर प्लान से भी यहां के लोगों के आजीविका के द्वार खुलेंगे। उन्होंने कहा कि जागेश्वर धाम के मास्टर प्लान के कार्य पूरा हो जाने के बाद प्रति वर्ष 10 लाख श्रृद्धालु यहां आने की उम्मीद है। इस दौरान केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने जनपद एवं प्रदेशवासियों को हरेला पर्व एवं श्रावणी मेले के शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में उत्तराखंड की सड़कों का कायाकल्प होगा एवं प्रदेश तेजी से मजबूत अर्थव्यवस्था को और अग्रसर होगा। विधायक जागेश्वर मोहन सिंह मेहरा ने मुख्यमंत्री के जागेश्वरधाम आने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया और कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा लगातार प्रदेश एवं जनपद के लिए अहम फैसले लिए जा रहे हैं। इस दौरान जिलाध्यक्ष भाजपा रमेश बहुगुणा, उपाध्यक्ष जागेश्वर मंदिर प्रबंधन समिति नवीन चंद्र भट्ट, प्रबंधक ज्योत्सना पंत, पुजारी प्रतिनिधि पंडित नवीन चंद्र भट्ट समेत जिला मजिस्ट्रेट विनीत तोमर, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पींचा, मुख्य विकास अधिकारी आकांक्षा कोंडे समेत अन्य विभागीय अधिकारी एवं तमाम अन्य लोग मौजूद रहे।
जागेश्वर में सीएम की घोषणाएं

1. सरयू (सेराघाट) से वृद्ध जागेश्वर सहित जागेश्वर क्षेत्र के लिए पेयजल पंपिंग योजना का निर्माण किया जाएगा।
2. भगरतोला कपकोटी मोटरमार्ग का डामरीकरण किया जाएगा।
3. मानसखंड मंदिर माला मिशन के अंतर्गत वृद्ध जागेश्वर को धार्मिक पर्यटन से जोड़ा जाएगा।
4. भिकियासेन में डाम का निर्माण किया जाएगा।
5. चमड़खान में बैंक की स्थापना की जाएगी।
6. भरतोली के प्राचीन देवायल मंदिर का जीर्णोधार किया जाएगा।
7. डिप्टेश्वर महादेव एवं कोटेश्वर महादेव का जीर्णोधार तथा सौंदर्यीकरण किया जाएगा।
8. मर्चुला भिकियासेन मोटरमार्ग पर रामगंगा नदी पर रडास नमक मोटर पुल का निर्माण किया जाएगा।
9. महात्मा गांधी इंटर कॉलेज चनोदा सोमेश्वर के अपूर्ण भवन का निर्माण किया जाएगा।
10. चायखन-थुवासीमल से ध्युली-धोनी (अडोली सिमोली) व ध्यूली रौतेला—चौना बैंड लिंक रोड का निर्माण किया जाएगा।
11. सोमेश्वर के ग्राम सभा रहत में धूनी गैर नमक स्थान पर मिनी स्टेडियम बनाया जाएगा।
12. शहरफाटक नंगधूनी मंदिर के पास मिनी स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा।
13. कंडार खोवा के सुनियाकोट मटीला मोटरमार्ग से स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्मारक तथा मोटर मार्ग का निर्माण किया जाएगा ।
14. विकासखंड हवालबाग के गोविंदपुर स्थित देवडघाट के नानकोसी में मिनी बैराज का निर्माण किया जाएगा।
15. जागेश्वर विधानसभा में 40 किमी डामरीकरण के प्रस्ताव पर जो भी संभव होगा इस पर कार्य किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *