किच्छा न्यूज़ : कलकत्ता चौकी को शक्ति फार्म थाने से अटैच करने के विरोध में धरने पर बैठे पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बेहड़

0

किच्छा। किच्छा कोतवाली अंतर्गत कलकत्ता पुलिस चौकी को शक्ति फार्म थाने से अटैच किए जाने के विरोध में पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तिलक राज बेहड़ के नेतृत्व में दर्जनों जनप्रतिनिधियों तथा ग्रामीणों ने प्रदर्शन करते हुए यथास्थिति रखने तथा चौकी को पुलभट्टा थाने से जोड़े जाने की मांग की। ज्ञात हो कि प्रदेश सरकार द्वारा कलकत्ता चौकी को शक्ति फार्म थाने से अटैच किए जाने की कार्यवाही कि जा रही है। पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बेहड़ सहित दर्जनों ग्रामीणों व स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने चौकी के बाहर धरना देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा तुगलकी फरमान जारी कर ग्रामीणों को बेवजह परेशान करने का काम किया जा रहा है।


ADVERTISEMENTS

उन्होंने कहा कि कलकत्ता चौकी से किच्छा कोतवाली तथा पुल भट्टा थाने की दूरी मात्र 7 से 8 किलोमीटर है, जबकि शक्ति फार्म थाने की दूरी करीब 20 किलोमीटर है, ऐसी स्थिति में ग्रामीणों को जंगल के रास्ते शक्ति फार्म थाने तक पहुंचने को मजबूर होना पड़ेगा, जबकि उक्त मार्ग पर आवाजाही के लिए कोई वाहन की सुविधा भी नहीं है। उन्होंने कहा कि चौकी क्षेत्र को शक्ति फार्म से जोड़ने के बाद ग्रामीणों को न्याय संबंधी कार्यों के लिए 80 किलोमीटर दूर का सफर तय कर खटीमा भी जाना पड़ेगा, जिससे गरीब जनता पर आवाजाही में अधिक खर्च वहन करना पड़ेगा, जबकि वर्तमान में कलकत्ता चौकी से जिला मुख्यालय की दूरी मात्र 20 से 22 किलोमीटर है।

बेहड ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर ग्रामीणों की मांगों की अनदेखी करते हुए चौकी क्षेत्र को जबरन शक्ति फार्म थाने से जोड़ने का प्रयास किया गया तो वह क्षेत्रीय जनता को साथ लेकर उग्र आंदोलन से भी पीछे नहीं हटेंगे। इस मौके पर जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि प्रेम आर्य, जिला पंचायत सदस्य उत्तम आचार्य, कांग्रेस नगर अध्यक्ष अरुण तनेजा, राजकुमार बजाज, विनोद कोरंगा, गुड्डू तिवारी, फिरदौस सलमानी, अनख पाल सिंह, रंजीत सिंह, जसविंदर सिंह, सुरजीत सिंह, गोपाल नेगी, मलखान सिंह, जमालुद्दीन, विक्रम कोरंगा, बलवंत सिंह, सुंदर सिंह, पुष्पेंद्र सिंह, कमल फुलारा, डॉ. सावन सिंह, कावल सिंह, जगरूप सिंह गोल्डी, रछपाल सिंह, विक्रम मेहता आदि मौजूद थे।

ADVERTISEMENTS