छात्रवृत्ति घोटाला उत्तराखंड : दो फरार फर्जी संस्थान मालिकों पर एसआईटी ने किया इनाम घोषित, एक के कनाडा में छिपे होने की खबर

0

देहरादून। फर्जी छात्रवृत्ति मामले में एसआईटी ने दो फर्जी शिक्षण संस्थानों के फरार मालिकों पर ईनाम घोषित कर दिया है। एसआई के अनुसार इनमें से एक कनाडा में छिपा हुआ है। इसलिए उसका लुक आउट सर्कुलर भी जारी किया गया है। इन दोनों के खिलाफ हरिद्वार के सिडकुल थाने में केस दर्ज हैं। काफी प्रयासों के बाद दोनों ही जालसाज एसआईटी के हाथ नहीं आ रहे थे।
एसआईटी ने इस मामले में बाकायदा प्रेसनोट जारी करके बताया है कि हरिद्वार के सिडकुल थाने में दर्ज मुकदमे के अनुसार आवास विकास कालोनी ऋषिकेश निवासी राहुल विश्नोई ने हरिद्वार के विवेक विहार में एन पावर एकेडमी नाम से शिक्षण संस्थान खोला दर्शाया था। इस संस्थान को हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के मानव भारती विश्व विद्यालय से संबद्ध दर्शाया गया था। वर्ष 2011—12 व 2012—13 में संस्थान में 393 बच्चों का एडमिशन दर्शाकर राहुल ने समाज कल्याण अधिकारी हरिद्वार से दो करोड़ 59 लाख 2हजार 300 रुपये की छात्र वृत्ति हासिल की। यह छात्रवृत्ति छात्रों के बैंक खातों में तो गई लेकिन उसके बाद राहुल ने सारा धन अपने खाते में ट्रांसफर करवा लिया। एसआईटी राहुल को अरसे से खोज रही है, कोर्ट के आदेश पर उसकी संपत्ति की कुर्की भी करवा दी गई लेकिन वह एसआईटी के हाथ नहीं आया, आखिर में अब उसे ढाई हजार रुपये का इनामी घोषित कर दिया गया है।
इसी प्रकार सिडकुल थाने मं दर्ज एक और एफआईआर के मुताबिक हरियाणा के यमुना नगर के जगाधरी निवासी सुशांत गर्ग ने सहारनपुर के मंडुवावाला में स्वामी विवेकानंद पालीटेक्निक वर्ष 2011—12 व 2012—13 में फर्जी छात्र संख्या दिखा कर 13लाख 600 रुपये की धनराशि हड़प ली। अब पता चला है कि सुशांत कनाडा में छिपा हुआ है। एसआईटी ने उसका लुक आउट सर्कुलर तो जारी किया ही है, उसकी गिरफ्तारी के लिए ढाई हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया है।


ADVERTISEMENTS
ADVERTISEMENTS