गरमपानी : डिप्टी सीएमओ टम्टा से बेनतीजा रही वार्ता, सीएचसी गरमपानी में ग्रामीणों का धरना जारी

0

गरमपानी/अनूप सिंह जीना। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गरमपानी में विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति, होम आइसोलेशन में रह रहे लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण समय से करने सहित तमाम अन्य मांगों को लेकर ग्राम प्रधान कन्नू गोस्वामी के नेतृत्व में चल रहा धरना जोर—शोर से जारी है। आज आंदोलित नागरिकों की डिप्टी सीएमओ से हुई वार्ता का भी कोई नतीजा नही निकल सका। धरने पर बैठे लोगों ने स्पष्ट कर दिया है कि मांगें पूरी होने तक वह पीछे नही हटेंगे।
उल्लेखनीय है कि ग्राम प्रधान कन्नू गोस्वामी व अन्य व्यापारी विगत पांच दिनों से सीएचसी गरमपानी में धरने पर बैठे हैं। उनकी प्रमुख मांगों में क्षेत्र की स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार लाने, बाल रोग, हड्डी रोग व स्त्री रोग विषय विशेषज्ञ ​डॉक्टरों की नियुक्ति करने आदि की मांगें शामिल हैं। इधर आज डिप्टी सीएमओ डॉ. पीके टम्टा ने सीएचसी का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और धरने पर बैठे ग्राम प्रधान व अन्य लोगों से वार्ता की। इस मौके पर उन्हें ग्राम प्रधान की ओर से ज्ञापन भी सौंपा गया। जिस पर डिप्टी सीएमओ ने भरोसा दिलाया कि वह अपने स्तर पर जनता की मांगों को शासन तक भेजेंगे। उन्होंने धरने पर बैठे लोगों से आंदोलन समाप्त करने की अपील की, जिसे नागरिकों ने ठुकरा दिया। धरने पर ग्राम प्रधान कन्नू गोस्वामी के अलावा महिपाल बिष्ट, ग्राम प्रधान त्रिभुवन पाठक आदि मौजूद रहे।


ADVERTISEMENTS
ADVERTISEMENTS