सीएनई रिपोर्टर, सोमेश्वर
तिथि : 12 सितंबर, 2020
सोमेश्वर—पल्यूड़ा—हट्यूड़ा पेयजल योजना से जुड़ी क्षेत्र की आबादी पेयजल के लिए परेशान है। न तो जर्जर योजना की हालत सुधर रही है और न ही ग्राम समूह पेयजल योजना में कार्य प्रगति हो रही है। कुछ ऐसी ही शिकायत लेकर शनिवार को स्थानीय लोगों का शिष्टमंडल राज्यमंत्री रेखा आर्या से उनके आवास पर मिले और पेयजल संकट की समस्या से निजात दिलाने की गुहार लगाई।
शिष्टमंडल ने लिखित शिकायत प्रस्तुत करते हुए राज्यमंत्री रेखा आर्या को अवगत कराया कि सोमेश्वर—पल्यूड़ा—हट्यूड़ा पेयजल योजना के बार—बार क्षतिग्रस्त हो रही है। जिससे बड़ी आबादी की पेयजलापूर्ति बाधित चल रही है। कई बार इसकी शिकायत जल संस्थान के अवर अभियंता से कर दी गई हैं, मगर फिर भी जल संस्थान मूकदर्शक बना है। उन्होंने बताया कि दो दिन में एक बार पेयजलापूर्ति हो रही है और वह भी अपर्याप्त। उन्होंने कहा कि योजना पुरानी होने के साथ ही जगह—जगह पर जर्जर हालत में जा पहुंची है। मगर इसका जीर्णोद्धार करने की दिशा में विभाग रूचि नहीं ले रहा है। उन्होंने इस योजना को दुरस्त करवाकर क्षेत्र की पेयजल समस्या का शीघ्र समाधान करवाने का अनुरोध किया। साथ ही उन्होंने सोमेश्वर ग्राम समूह पेयजल योजना स्वीकृत कराने के लिए मंत्री का आभार जताया, लेकिन इसके कार्य में प्रगति नहीं होने पर आपत्ति जताई। इसके कार्य में भी प्रगति लाने की मांग की, ताकि भविष्य में पेयजलापूर्ति सुचारू हो सके। राज्यमंत्री ने सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया। शिष्टमंडल में पूर्व भाजपा अध्यक्ष देवेन्द्र जोशी, गिरीश चंद्र जोशी, बंशी जोशी, नन्दन सिंह आदि शामिल थे।
सोमेश्वर : राज्यमंत्री रेखा के आवास पर जाकर उठाया पेयजल संकट का मामला, लिखित शिकायत दी, समस्या समाधान की मांग
ADVERTISEMENTS
ADVERTISEMENTS









