HomeBreaking Newsब्रेकिंग किच्छा : स्वीट शॉप स्वामी के पौत्र को गलत इंजेक्शन लगाने...

ब्रेकिंग किच्छा : स्वीट शॉप स्वामी के पौत्र को गलत इंजेक्शन लगाने वाला झोलाछाप चिकित्सक दबोचा

ADVERTISEMENTS

किच्छा । निजी अस्पताल के झोलाछाप चिकित्सक द्वारा गलत इंजेक्शन लगाए जाने के बाद नगर के स्वीट हाउस स्वामी वासुदेव आयलानी के युवा पौत्र की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने वांछित चल रहे आरोपी झोलाछाप चिकित्सक को सूचना के आधार पर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। परिजनों द्वारा जिलाधिकारी को शिकायत किए जाने के बाद डीएम के आदेश पर गठित टीम ने युवक की संदिग्ध मौत के मामले में मजिस्ट्रेट जांच के उपरांत निजी अस्पताल के संचालक तथा झोलाछाप चिकित्सक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। मामले को लेकर परिजनों द्वारा लंबे समय से आरोपियों के खिलाफ कार्यवाही किए जाने की मांग कर न्याय की गुहार लगाई जा रही थी। ज्ञात हो कि आवास विकास ,किच्छा निवासी तथा सिंधी स्वीट हाउस के स्वामी वासुदेव आयलानी के 19 वर्षीय पौत्र सौरभ आयलानी का स्वास्थ्य बिगड़ने के बाद गत 27 मई को परिजनों द्वारा उपचार के लिए नगर के हल्द्वानी मार्ग स्थित आराध्या पॉली क्लिनिक पर ले जाया गया था । इस दौरान अस्पताल संचालक डॉ डी सी चौधरी की गैरमौजूदगी में मौके पर मौजूद डॉ चरण सिंह ने सौरभ के स्वास्थ्य परीक्षण की जांच करने के बाद उपचार करते हुए इंजेक्शन लगाया और घर भेज दिया था । परिजनों के अनुसार इंजेक्शन लगाए जाने के बाद घर पहुंचते ही सौरभ की हालत बिगड़ने लगी और परिजन उपचार के लिए सौरभ को पुनः डॉ चरण सिंह के पास ले गए थे , जहां हालत गम्भीर होने के चलते मौके पर ही सौरभ ने दम तोड़ दिया था । सौरभ की अचानक हुई मौत के बाद मौके पर पहुंचे परिजनों ने जमकर हंगामा काटते हुए इलाज में लापरवाही करने का आरोप लगाया। कई दिन तक आरोपी चिकित्सकों पर कार्यवाही ना होने के चलते परिजनों ने मुख्यमंत्री उत्तराखंड , जिलाधिकारी उधम सिंह नगर सहित जिला चिकित्सा अधिकारी को शिकायती पत्र देते हुए घटना की निष्पक्ष जांच करने , चिकित्सक पर गलत इंजेक्शन लगाए जाने का आरोप लगाते हुए न्याय की गुहार लगाई । जिलाधिकारी के निर्देश पर एसडीएम विवेक प्रकाश तथा एसीएमओ हरेंद्र मलिक द्वारा मामले की जांच करने के बाद शिकायत सही पाए जाने पर अस्पताल के संचालक डॉ डी सी चौधरी तथा डॉ चरण सिंह के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया । मामले की जांच कर रहे किच्छा कोतवाली के वरिष्ठ उप निरीक्षक बी सी आर्य ने बताया कि सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मामले में वांछित चल रहे झोलाछाप डॉक्टर चरण सिंह को रुद्रपुर मार्ग स्थित एफसीआई गोदाम के निकट से आज सुबह गिरफ्तार कर लिया गया है । उन्होंने बताया कि इसी मामले में तीन दिन पूर्व पुलिस ने अस्पताल के संचालक डॉ डी सी चौधरी को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। फिलहाल दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद मृतक सौरभ के परिजनों ने किच्छा पुलिस का आभार जताते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। वांछित आरोपी डॉ चरण सिंह की गिरफ्तारी के बाद समाजसेवी वासुदेव आयलानी व मृतक के रिश्तेदार प्रीतम आयलानी ने कहा कि कुछ लोगों द्वारा आरोपियों को बचाने के लिए किच्छा पुलिस पर दबाव बनाने का भी प्रयास किया गया , परंतु किच्छा पुलिस ने किसी भी दबाव में ना आते हुए पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए निष्पक्ष कार्यवाही की और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, जिसके लिए किच्छा पुलिस की टीम बधाई के पात्र है ।

ADVERTISEMENTS
RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments