प्यूड़ा अनुभाग में वन विभाग ने चलाया जन-जागरूकता अभियान
मानव-वन्यजीव संघर्ष से बचाव और आगामी फायर सीजन की तैयारियों पर दी गई जानकारी
CNE REPORTER, प्यूड़ा। आगामी फायर सीजन को देखते हुए वन विभाग ने वन्यजीव संरक्षण और वनाग्नि की रोकथाम के प्रति ग्रामीणों को जागरूक करने की पहल शुरू कर दी है। इसी क्रम में शनिवार को प्यूड़ा अनुभाग के अंतर्गत वन क्षेत्राधिकारी विजय चन्द्र भट्ट ने स्वयं ग्रामीणों के बीच पहुंचकर जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को वन एवं वन्यजीवों के संरक्षण के प्रति जिम्मेदार बनाना और जंगलों को आग से सुरक्षित रखने के लिए सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम के दौरान वन क्षेत्राधिकारी ने ग्रामीणों को वन्यजीवों के महत्व, उनके प्राकृतिक आवासों के संरक्षण तथा मानव-वन्यजीव संघर्ष की बढ़ती चुनौतियों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जंगल वन्यजीवों का प्राकृतिक आवास हैं और इनके संरक्षण में स्थानीय समुदाय की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। वन्यजीवों की आबादी वाले क्षेत्रों में आवाजाही के दौरान सतर्कता बरतने, अकेले जंगल की ओर जाने से बचने, वन्यजीव दिखाई देने पर उनके नजदीक न जाने और उन्हें छेड़ने या उकसाने के बजाय सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई। साथ ही किसी वन्यजीव की मौजूदगी अथवा असामान्य गतिविधि की जानकारी तत्काल वन विभाग को देने का आह्वान किया गया।
आगामी अग्निकाल को लेकर आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में वनाग्नि की रोकथाम को विशेष प्राथमिकता दी गई। ग्रामीणों को बताया गया कि जंगलों में लगने वाली आग से केवल पेड़-पौधों और वन संपदा को ही नुकसान नहीं पहुंचता, बल्कि वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास, जैव विविधता, जलस्रोतों और पर्यावरणीय संतुलन पर भी इसका गंभीर प्रभाव पड़ता है। वनाग्नि के कारण मिट्टी की उर्वरता प्रभावित होने के साथ ही आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों और आबादी को भी खतरा उत्पन्न हो सकता है।
वन क्षेत्राधिकारी ने ग्रामीणों से अपील की कि जंगलों के आसपास सूखी घास, पत्तियों अथवा कूड़े में आग न लगाएं और जंगल में किसी भी प्रकार की ज्वलनशील गतिविधि से बचें। यदि कहीं धुआं अथवा आग दिखाई देती है तो बिना देरी किए वन विभाग को इसकी सूचना दें, ताकि समय रहते आग पर नियंत्रण पाया जा सके। उन्होंने वनाग्नि की रोकथाम में ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी को आवश्यक बताते हुए कहा कि जनसहयोग और सामूहिक सतर्कता से जंगलों को आग से होने वाले नुकसान से काफी हद तक बचाया जा सकता है।
कार्यक्रम में वन विभाग के कर्मचारियों ने भी ग्रामीणों को वन एवं वन्यजीव संरक्षण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। इस दौरान प्रदीप कुमार मौर्य, रमेश बिष्ट, रोहित सिंह, कुंदन प्रसाद, दीवान सिंह, धर्मपाल सहित क्षेत्र के अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।
वन विभाग की इस पहल को आगामी फायर सीजन से पहले ग्रामीण स्तर पर जागरूकता बढ़ाने और वन संरक्षण के प्रति सामुदायिक जिम्मेदारी विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
































