तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सीज
CNE REPORTER, नैनीताल। जनपद में अवैध शराब और नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए नैनीताल पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। मुख्यमंत्री उत्तराखंड के ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के सख्त निर्देशों पर चलाए जा रहे अभियान ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत चोरगलिया पुलिस ने अवैध कच्ची शराब का परिवहन कर रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से 63 पाउच अवैध कच्ची शराब बरामद करने के साथ ही शराब की ढुलाई में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल को भी सीज कर दिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी हरबंस सिंह एवं क्षेत्राधिकारी लालकुआं विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष चोरगलिया तारा सिंह राणा के नेतृत्व में क्षेत्र में अवैध नशे एवं शराब के कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने के लिए चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस टीम ने संदिग्ध रूप से मोटरसाइकिल से आ रहे एक युवक को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 63 पाउच अवैध कच्ची शराब बरामद हुई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए युवक को गिरफ्तार कर लिया और शराब परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को अपने कब्जे में ले लिया।
गिरफ्तार युवक की पहचान रंजीत सिंह (44 वर्ष) पुत्र दीवान सिंह, निवासी ग्राम तिलियापुर, शक्तिफार्म, जनपद ऊधम सिंह नगर के रूप में हुई है। वह बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल संख्या UK06X-8571 से अवैध कच्ची शराब का परिवहन कर रहा था। पुलिस ने बरामद शराब और मोटरसाइकिल को नियमानुसार कब्जे में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की।
इस मामले में आरोपित के विरुद्ध थाना चोरगलिया में धारा 60(1)/72 आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस द्वारा मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
अवैध शराब के कारोबार पर पुलिस की सख्ती
नैनीताल पुलिस द्वारा ऑपरेशन प्रहार के अंतर्गत अवैध शराब एवं नशीले पदार्थों के कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जनपद में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखने के लिए चेकिंग और निगरानी अभियान आगे भी जारी रहेंगे। अवैध शराब का निर्माण, भंडारण एवं परिवहन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम: कांस्टेबल उत्तम सिंह, कांस्टेबल भारत भूषण, कांस्टेबल शैलेन्द्र सिंह एवं कांस्टेबल टेनिस सिंह शामिल रहे।
































