दुर्गम बेलवाल गांव तक पहुंची धौलछीना पुलिस, 7-8 किलोमीटर पैदल चलकर ग्रामीणों के बीच लगाया थाना दिवस

0
दुर्गम बेलवाल गांव तक पहुंची धौलछीना पुलिस, 7-8 किलोमीटर पैदल चलकर ग्रामीणों के बीच लगाया थाना दिवस
दुर्गम बेलवाल गांव तक पहुंची धौलछीना पुलिस, 7-8 किलोमीटर पैदल चलकर ग्रामीणों के बीच लगाया थाना दिवस

92 वर्षीय बुजुर्ग से मुलाकात कर जाना कुशलक्षेम, ग्राम सुरक्षा समिति का किया पुनर्गठन

CNE REPORTER, अल्मोड़ा। पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से धौलछीना पुलिस ने एक सराहनीय पहल की। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में स्थित बेलवाल गांव तक पहुंचने के लिए पुलिस टीम ने करीब 7 से 8 किलोमीटर की दूरी पैदल तय की और गांव में ग्रामीणों के बीच थाना दिवस का आयोजन कर उनकी समस्याएं सुनीं। पुलिस की इस पहल से ग्रामीणों को अपनी समस्याएं सीधे पुलिस अधिकारियों के सामने रखने का अवसर मिला।


ADVERTISEMENTS

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा चंद्रशेखर घोडके के निर्देशानुसार धौलछीना पुलिस की टीम दुर्गम बेलवाल गांव पहुंची। इस दौरान थानाध्यक्ष रमेश बोरा ने ग्रामीणों से संवाद स्थापित करते हुए उनकी समस्याओं, शिकायतों और क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों की जानकारी ली। उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं के निराकरण और गांव में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की ओर से आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। साथ ही लोगों को अपराधों की रोकथाम में जागरूक और सतर्क रहने की अपील की गई।

थाना दिवस के दौरान साइबर अपराधों को लेकर ग्रामीणों को विशेष रूप से जागरूक किया गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि वर्तमान समय में साइबर ठग अलग-अलग तरीके अपनाकर लोगों की मेहनत की कमाई को निशाना बना रहे हैं। डिजिटल अरेस्ट, क्यूआर कोड स्कैम, वन टाइम पासवर्ड (ओटीपी) फ्रॉड, एटीएम धोखाधड़ी, फिशिंग और अनजान लिंक के माध्यम से होने वाली ऑनलाइन ठगी के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। ग्रामीणों को समझाया गया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी, ओटीपी, पासवर्ड अथवा बैंक खाते का विवरण साझा न करें। किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने और फर्जी वेबसाइट के माध्यम से लेनदेन करने से भी बचें। सोशल मीडिया का सुरक्षित इस्तेमाल करने और अपने खातों में मजबूत पासवर्ड रखने की सलाह दी गई। साइबर ठगी का शिकार होने पर बिना देरी किए राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी गई।

इसके अतिरिक्त महिला एवं बाल अपराधों, बाल विवाह तथा नशे के बढ़ते दुष्परिणामों को लेकर भी ग्रामीणों को जागरूक किया गया। पुलिस ने महिलाओं और बच्चों के अधिकारों एवं सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार के शोषण, उत्पीड़न अथवा अपराध की जानकारी मिलने पर चुप रहने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचित करें। बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों को रोकने में भी ग्रामीणों से सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की गई। युवाओं को नशे से दूर रखने और गांव में नशे के विरुद्ध जागरूकता का माहौल बनाने पर जोर दिया गया। आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित पुलिस सहायता प्राप्त करने के लिए डायल 112 की उपयोगिता भी बताई गई।

गांव की सुरक्षा में ग्रामीणों की भागीदारी पर जोर

कार्यक्रम के दौरान गांव की सुरक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से ग्राम सुरक्षा समिति का पुनर्गठन किया गया। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को बताया कि गांव में बाहरी एवं संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर नजर रखने, आपराधिक घटनाओं की सूचना समय पर पुलिस तक पहुंचाने तथा सामाजिक सुरक्षा बनाए रखने में स्थानीय लोगों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। पुलिस और जनता के बीच बेहतर तालमेल से अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है।

92 वर्षीय बुजुर्ग का जाना हालचाल

थाना दिवस के दौरान पुलिस टीम ने गांव में निवासरत 92 वर्षीय बुजुर्ग गोपाल सिंह मलवाल से भी मुलाकात की। पुलिसकर्मियों ने उनके स्वास्थ्य और कुशलक्षेम की जानकारी लेते हुए उनकी समस्याओं के बारे में पूछा। इसके साथ ही पुलिस विभाग में नियुक्त एक कर्मचारी की माता से भी मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उनकी आवश्यकताओं एवं समस्याओं की जानकारी प्राप्त की। पुलिस की इस संवेदनशील पहल को ग्रामीण क्षेत्रों में बुजुर्गों के प्रति सम्मान और पुलिस की जनसेवा भावना से जोड़कर देखा जा रहा है।

इस दौरान थानाध्यक्ष रमेश बोरा के नेतृत्व में धौलछीना थाना पुलिस की टीम के सदस्यों ने ग्रामीणों के साथ संवाद स्थापित कर उन्हें सुरक्षा संबंधी जानकारियां दीं और पुलिस का सहयोग करने की अपील की। दुर्गम गांव तक पैदल पहुंचकर थाना दिवस आयोजित करने की इस पहल से पुलिस ने यह संदेश देने का प्रयास किया कि भौगोलिक कठिनाइयां जनसुरक्षा और जनसंवाद के रास्ते में बाधा नहीं बन सकतीं।

ADVERTISEMENTS
विज्ञापन 1
विज्ञापन 2
विज्ञापन 3
विज्ञापन 4
विज्ञापन 5
विज्ञापन 6
विज्ञापन 7
विज्ञापन 14
विज्ञापन 13
विज्ञापन 12
विज्ञापन 11
विज्ञापन 10
विज्ञापन 9
विज्ञापन 8
विज्ञापन 7
विज्ञापन 6
विज्ञापन 5
विज्ञापन 4
विज्ञापन 3
विज्ञापन 2
विज्ञापन 1