➤ दो सूत्रीय मांगों को पुरजोर तरीके से उठाया, उग्र आंदोलन की धमकी
सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: यहां पीआरडी जवानों में आक्रोश बरकरार है। उन्होंने बुधवार को दूसरे दिन भी कार्य बहिष्कार कर धरना-प्रदर्शन के जरिये अपनी मांगों को पुरजोर तरीके से उठाया और अनसुनी के लिए सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। साथ ही दो टूक चेतावनी दी कि यदि उनकी जायज मांगें नहीं मानी गई, तो वे चुप नहीं बैठेंगे बल्कि उग्र आंदोलन करेंगे।
बीते मंगलवार की तरह आज बुधवार को भी कार्य बहिष्कार कर बड़ी संख्या में पीआरडी जवान गांधी पार्क चौघानपाटा में जुटे। जहां उन्होंने अपनी मांगों के समर्थन में धरना दिया और मांगों की पूर्ति नहीं होने से खफा होकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। धरने के दौरान सभा में पीआरडी जवानों ने कहा कि पीआरडी जवान विपरीत परिस्थितियों में भी पुलिस और प्रशासन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर ड्यूटी निभा रहे हैं। मेलों, चुनाव, आपदा और कानून व्यवस्था के दौरान उनकी सेवाएं ली जाती हैं, लेकिन इसके बावजूद उनके हितों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने सालभर रोजगार देने और महंगाई भत्ते के साथ समान काम के लिए समान वेतन देने की प्रमुख मांग पुरजोर तरीके से उठाई। उन्होंने कहा कि वर्तमान में उन्हें साल में कुछ महीनों की ड्यूटी मिलती है और इससे उनके परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल हो रहा है। पीआरडी जवानों की सेवा शर्तों में सुधार की मांग भी उठाई। इधर, उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष पीसी तिवारी, उक्रांद नेता विनय किरौला ने धरने में बैठ पीआरडी जवानों के आंदोलन का समर्थन किया। धरने में कृष्णा चौहान, गीता टम्टा, पूजा, रश्मि टम्टा, गोपाल राम, हरीश बिष्ट, आनंद कांडपाल, ओम प्रकाश, कमल रौतेला, अरमनाथ आर्या, आनंद नयाल, कृष्णा चौहान, विनोद रौतेला, नवल बिष्ट, विजय कुमार, अमित कुमार, गोविंद सिंह, भगवान सिंह कई पीआरडी जवान शामिल हुए।
































