➤ 18वें राष्ट्रीय कुमाउंनी भाषा सम्मेलन का दूसरा दिन, पोस्टर लांच
➤ ‘दुदबोलि (कुमाउंनी) बचाओ अभियान’ का श्रीगणेश, 40 लोग सम्मानित
सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: यहां शिखर सभागार में आयोजित 18वां राष्ट्रीय कुमाउंनी सम्मेलन के दूसरे रोज रविवार को वक्ताओं ने कुमाउंनी भाषा व संस्कृति के विकास व संरक्षण पर खासा जोर देते हुए इसके लिए एकजुट प्रयासों की जरूरत बताई। कुमाउंनी भाषा के आठवीं अनुसूचित में शामिल नहीं होने की पीड़ा प्रमुखता से उठी। एक राय से आगामी चुनाव में ‘कुमाउंनी भाषा नहीं, तो वोट नहीं’ के नारे के साथ दबाव बनाने का संकल्प लिया गया। वहीं, ‘दुदबोलि (कुमाउंनी) बचाओ अभियान’ का श्रीगणेश करते हुए इसका पोस्टर लांच किया गया। (आगे पढ़िये)
26 साल में भाषा को सम्मान नहीं मिलने का अफसोस

सम्मेलन के दूसरे दिन कुमाउंनी भाषा और युवा पीढ़ी, कुमाउंनी के विकास में महिलाओं की भूमिका पर मंथन हुआ। मुख्य अतिथि दर्जा राज्यमंत्री कुंदन लटवाल ने चिंता जताई कि घरों में नई पीढ़ी व बच्चों से कुमाउंनी में वार्तालाप बंद हो रही है। उन्होंने कहा कि कुमाउंनी के उत्थान के लिए जब भी जनप्रतिनिधियों को साथ लेकर चलने की जरूरत होगी, तो वे कदम से कदम मिलाकर चलेंगे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. एनएस भंडारी ने कहा कि जो समाज अपनी भाषा व संस्कृति से कटता है, तो वह पिछड़ जाता है। उन्होंने कहा कि घर से कुमाउंनी बचाने के प्रयास शुरू होने चाहिए। घरों से ही बच्चों को अपनी मातृभाषा से जोड़ना जरूरी है, तभी प्रयास अवश्य सफल होंगे। मानस कालेज पिथौरागढ़ के चेयरमैन डा. अशोक पंत ने कहा कि सालों से कुमाउंनी को आठवीं अनुसूचि में शामिल करने की मांग उठ रही है और कुमाउंनी भाषा में काफी कार्य भी हो रहा है, लेकिन अफसोसजनक है कि उत्तराखंड को 26 साल होने के बाद भी आज तक प्रदेश सरकार ने आठवीं अनुसूचि में लाने के लिए कोई प्रस्ताव पास नहीं किया। नई शिक्षा नीति में व्यवस्था होने के बाद भी इस क्षेत्रीय भाषा को पाठ्यक्रम में शामिल नहीं किया गया। उन्होंने सीधे कहा कि इस चुनाव में ‘भाषा नहीं तो वोट नहीं’ के नारा दिया जाए, जिसमें मौजूद लोगों ने हामी भरी। उन्होंने दबाव बनाने के लिए आंदोलन को जरूरी बताया। (आगे पढ़िये)
पलायन थमना भी भाषा संरक्षण में सहायक
जिला पंचायत अध्यक्ष हेमा गैड़ा ने भी कुमांउनी को आगे बढ़ाने व आठवीं अनुसूचि में शामिल करने पर जोर दिया। उक्रांद नेता दिनेश कुंजवाल ने पुरानी परंपराओं व संस्कृति का संरक्षण जरूरी है और पलायन रोकना होगा। तभी अपनी मातृभाषा भी बचेगी। अध्यक्षता करते हुए युवा संघर्षशील नेता एवं संयोजक मंडल सदस्य विनय किरौला ने कहा कि कुमाउंनी भाषा की सरकार उपेक्षा कर रही है, जबकि उत्तराखंड में कुमाउंनी व गढ़वाली मातृभाषा हैं और 8वीं अनुसूचि में शामिल करने की लगातार मांग उठ रही है। इसके बावजूद मान्यता नहीं मिल रही है। किरौला ने सुदूरवर्ती गांवों में मौजूद कुमाउंनी संस्कृति, परंपराओं व रहन सहन को साहित्य में लाने की जरूरत बताई। इनके अलावा युवा गौरव कांडपाल, हिमांशु जोशी, कुमाउंनी ब्लागर ज्योति भट्ट, अमित भट्ट, मंजू कांडपाल, स्वाति नयाल आदि ने अपने विचार रखे और कहा कि मौजूदा युग में डिजिटल माध्यम व गूगल एप के जरिये से कुमाउंनी को आगे बढ़ाने में काफी मदद मिल सकती है। उन्होंने पलायन को रोका जाना भी जरूरी बताया और संगीत को भी भाषा व संस्कृति को बचाने में अहम् बताया।
राजनैतिक दल भाषा संस्कृति को भी मुद्दा बनाएं
समारोह में अल्मोड़ा के विधायक मनोज तिवारी ने भी शिरकत की और उन्होंने सम्मान प्रदान किए। महिला गोष्ठी में कुमाउंनी को बचाने में महिलाओं की भूमिका को अहम् बताया गया। दूसरे दिन भी सम्मेलन का शुभारंभ दीप प्रज्वलन से हुआ। इस मौके पर सूचना विभाग की ओर से ग्रुप लीडर बिमला बोरा की टीम ने शगुन आंखर, सरस्वती वंदना प्रस्तुत की और अतिथियों को बैच अलंकरण किया गया। दो दिनी सम्मेलन के दौरान कुल 40 लोगों को सम्मानित किया गया। संचालन करते हुए कुमाउंनी भाषा न्यास के सचिव एवं पहरू के संपादक डा. हयात सिंह रावत ने कहा कि सभी राजनैतिक दलों को भाषा संस्कृति को भी मुद्दा बनाना चाहिए और अपने चुनावी घोषणा पत्र में इसे शामिल करना चाहिए। संचालन में डा. पूरन चंद्र जोशी ने भी सहयोग दिया। खबर लिखे जाने तक सम्मेलन के आखिरी पड़ाव में कुमाउंनी कवि सम्मेलन जारी था। (आगे पढ़िये)
जानिये: किसे मिला कौन सा सम्मान
ज्योतिषाचार्य पंडित जयदेव अवस्थी कुमाउंनी भाषा सेवी सम्मान:— लक्ष्मण सिंह ऐठानी- पूर्व शिक्षा अधिकारी, डा. बीएस बिष्ट- पूर्व कुलपति, ब्लागर अमित भट्ट व ज्योति भट्ट खुल्बे।
वैद्य कल्याण सिंह बिष्ट कुमाउंनी संस्कृति सेवी सम्मान:— मनोज चंदोला- दिल्ली (फिल्म), केएन पांडेय- दिल्ली (नाटक, अभिनय, निर्देशन), कमल नयन- धारचूला (लोक संगीत व गायन), भास्कर भौर्याल- बागेश्वर (लोक वाद्य)।
बहादुर सिंह बनौला कुमाउंनी साहित्य सेवी सम्मान:— आनंद बल्लभ पपनै- हल्द्वानी, नवीन चंद्र जोशी- लखनउ, डा. उमा भट्ट- नैनीताल, डा. नागेश शाह- लखनउ, नारायण राम बानठोकी- भीमताल।
इन्हें मिला वार्षिक पुरस्कार
शेर सिंह बिष्ट ‘अनपढ़’ कविता पुरस्कार- राजेंद्र रावत।
बहादुर बोरा ‘श्रीबंधु’ कथा साहित्य पुरस्कार- कौस्तुबानंद चंदोला।
मुन्नी जोशी स्मृति कुमाउंनी साहित्य पुरस्कार- माया रावत।
राम सिंह लोधियाल कुमाउंनी साहित्य पुरस्कार- गोविंद बल्लभ बहुगुणा।
गंगा अधिकारी स्मृति कुमाउंनी साहित्य पुरस्कार- डा. पीतांबर अवस्थी।
दलीप सिंह खेतवाल स्मृति कर्मवीर पुरस्कार- मंजू आर साह।
विविध विधाओं में लेखन पुरस्कार:— कृतिका बिष्ट, सपना बिष्ट, ममता बिष्ट, पवनेश ठकुराठी, डा. कुंदन रावत, दीपा पांडे, गीता खोलिया, सुमन बुधलाकोटी, हेम दूबे, शिवदत्त पांडे, जनार्दन चिलकोटी, विनोद पंत, मुन्नी पंत, डा. राजीव जोशी, आनंद सिंह बिष्ट, डा. अर्चना जोशी, गिरीश चंद्र जोशी, राजेश्वरी पांडे, डा. कुंदन रावत, मीनू जोशी। (आगे पढ़िये)
14 (क) में 76 पर करें टिक
कुमाउंनी सम्मेलन में दूसरे दिन दुदबोली (कुमाउंनी) बचाओ अभियान का पोस्टर लांच करते हुए मानस कालेज पिथौरागढ़ के चेयरमैन डा. अशोक पंत ने सभी का आह्वान किया इस अभियान से जुड़ें और जनगणना 2027 में मातृभाषा कालम में कुमाउंनी के लिए 14 (क) में 76 पर टिक अवश्य करें।
सम्मेलन में कुमाउंनी में सब कुछ
दो दिवसीय राष्ट्रीय कुमाउंनी सम्मेलन की खासियत रही कि इसमें सभी संबोधन कुमाउंनी भाषा में हुए। मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि, संचालक और अन्य सभी वक्ता सिर्फ कुमाउंनी में ही बोले। इसके अलावा भोजन की व्यवस्था में कुमाउंनी व्यंजन ही शामिल रहे।
































