➤ दशकों तक प्रदेश की शिक्षा व ग्रामीण विकास में रहा योगदान
➤ देश-विदेशों में उच्च अवसरों को छोड़ गृहनगर रहकर की समाजसेवा
सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: यहां पद्मश्री डा. ललित पांडे 78 का रविवार को निधन हो गया है। वह कुछ समय से बीमार चल रहे थे। उन्होंने रविवार सुबह मेडिकल अस्पताल अल्मोड़ा के बेस अस्पताल में आखिरी सांस ली। पांडे कई दशकों से उत्तराखंड सेवा निधि पर्यावरण शिक्षा संस्थान के जरिये प्रदेश में शिक्षा और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में योगदान देते आ रहे थे। उनका यहां अंतिम संस्कार कर दिया गया है।
पूर्व राज्यपाल बीडी पांडे के पुत्र थे डा. ललित
सांस्कृतिक नगरी के प्रतिष्ठित परिवार से ताल्लुक रखने वाले डा. पाण्डे पश्चिम बंगाल और पंजाब के पूर्व राज्यपाल (आईसीएस) बीडी पांडे के दूसरे नंबर के पुत्र बेटे थे। उनके बड़े भाई अरविंद पांडे सेल के चेयरमैन रहे जबकि भाभी मृणाल पांडे जानी मानी साहित्यकार व पत्रकार हैं। पांडे अपने पीछे पत्नी अनुराधा पांडे पुत्र अभिषेक व आशीष को छोड़ गए हैं। पांडे ने वर्ष 1970 में आईआईटी दिल्ली से यांत्रिक अभियांत्रिकी में बीटेक किया था और इसके बाद एमआईटी कैम्ब्रिज से 1972 में मास्टर डिग्री और पर्ड्यू विश्वविद्यालय से 1982 में पीएचडी की। देश-विदेश में बेहतर अवसरों के बावजूद वे 1984 में अपने गृह नगर अल्मोड़ा लौट आए और पहाड़ के गांवों को ही कार्यक्षेत्र बना लिया और आजीवन यहीं रहकर समाज सेवा में जुटे रहे।
पर्यावरण जागृति में निभाई अहम् भूमिका
उत्तराखंड सेवा निधि पर्यावरण शिक्षा संस्थान, अल्मोड़ा के निदेशक के रूप में उन्होंने विद्यालयों के लिए पर्यावरण शिक्षा कार्यक्रम विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके नेतृत्व में संस्थान ने वर्ष 1988 में ग्रामीण क्षेत्रों में पूर्व-प्राथमिक शिक्षा के लिए बालवाड़ी कार्यक्रम की शुरुआत की, जिसे बाद में गांवों में पुस्तकालय, सायंकालीन अध्ययन केंद्रों और वर्ष 2014 से ग्राम शिक्षण केंद्रों के माध्यम से विस्तार दिया गया। इसके अतिरिक्त, उत्तराखंड महिला परिषद के साथ मिलकर उन्होंने ग्रामीण महिला समूहों को सशक्त किया। स्थानीय समुदायों के सहयोग से वर्षाजल संचयन, पारंपरिक जलस्रोतों के पुनरुद्धार, स्वच्छता, पौधशाला विकास और सामुदायिक भूमि पर वृक्षारोपण के साथ-साथ ग्रामीण आजीविका के लिए बागवानी, सब्जी उत्पादन और कौशल प्रशिक्षण की गतिविधियों को भी सफलतापूर्वक संचालित किया। पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उनके इसी अभूतपूर्व योगदान के लिए भारत सरकार ने उन्हें वर्ष 2007 में प्रतिष्ठित ‘पद्मश्री’ सम्मान से अलंकृत किया था।
विश्वनाथ में हुआ अंतिम संस्कार
उनके निधन की जानकारी मिलन पर उनके बड़ी तादात में लोग चंपानौला स्थित आवास पर शोक व्यक्त करने पहुंचे। उनका यहां विश्वनाथ श्मशानघाट पर आज अंतिम संस्कार कर दिया गया। इधर, विधायक मनोज तिवारी, डीएम अंशुल सिंह व एसएसपी चंद्रशेखर घोड़के समेत तमाम लोगों ने उनके निधन पर शोक संवेदनाएं व्यक्त की हैं। पुलिस की टुकड़ी ने विश्वनाथ घाट पर उनको अंतिम सलामी दी।
































