एक समाज श्रेष्ठ समाज संस्था की पहल, राजपुरा में बच्चों के बीच पहुंचकर मनाया बाल दिवस
CNE REPORTER, हल्द्वानी। बाल दिवस के अवसर पर एक समाज श्रेष्ठ समाज संस्था ने सामाजिक सरोकारों की मिसाल पेश करते हुए हल्द्वानी के राजपुरा क्षेत्र में बच्चों को पठन-पाठन सामग्री वितरित कर उन्हें शिक्षा के प्रति प्रेरित किया। संस्था के अध्यक्ष योगेन्द्र कुमार साहू एवं सदस्य एकता कुमारी के नेतृत्व में आयोजित यह कार्यक्रम संस्था के ‘दिव्य कार्य अभियान’ के अंतर्गत संपन्न हुआ। इस दौरान संस्था पदाधिकारियों ने बच्चों को अध्ययन सामग्री प्रदान करते हुए शिक्षा के महत्व, अच्छे संस्कारों और जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान संस्था अध्यक्ष योगेन्द्र कुमार साहू एवं पार्षद प्रीति आर्या ने संयुक्त रूप से कहा कि बच्चे किसी भी समाज की सबसे बड़ी पूंजी और देश का उज्ज्वल भविष्य होते हैं। आज के बच्चे ही आने वाले समय में देश की जिम्मेदारियों को संभालेंगे और विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा एवं क्षमताओं से राष्ट्र निर्माण में योगदान देंगे। ऐसे में यह हम सभी का नैतिक और सामाजिक दायित्व है कि बच्चों को बेहतर शिक्षा और संस्कार उपलब्ध कराने के साथ ही उनके सर्वांगीण विकास के लिए भी निरंतर प्रयास करें।
उन्होंने कहा कि किसी भी बच्चे का भविष्य उसके वर्तमान पर निर्भर करता है। बचपन में विकसित होने वाली आदतें, संस्कार, बौद्धिक क्षमता, व्यवहार और रहन-सहन का तौर-तरीका ही आगे चलकर उसके व्यक्तित्व और भविष्य की दिशा तय करते हैं। यदि बच्चों को सही मार्गदर्शन, शिक्षा और सकारात्मक वातावरण मिले तो उनके भीतर छिपी प्रतिभा निखरकर सामने आती है। ज्ञान के माध्यम से उनके आत्मविश्वास में वृद्धि होती है और वे जीवन की चुनौतियों का सामना करने के योग्य बनते हैं।
उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह व्यक्ति को सही और गलत के बीच अंतर समझने, समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने तथा एक बेहतर नागरिक बनने की प्रेरणा भी देती है। जब बच्चे शिक्षित और संस्कारवान बनेंगे, तभी एक सशक्त, जागरूक और विकसित समाज का निर्माण संभव होगा। यही बच्चे भविष्य में देश की प्रगति और उन्नति में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को बच्चों की शिक्षा को प्राथमिकता देते हुए उन्हें पढ़ने-लिखने और जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना चाहिए।
संस्था पदाधिकारियों ने कहा कि बाल दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि बच्चों के अधिकारों, शिक्षा और उनके बेहतर भविष्य के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने का भी दिन है। समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति को जरूरतमंद बच्चों की मदद के लिए आगे आना चाहिए, ताकि आर्थिक या सामाजिक परिस्थितियां किसी भी बच्चे की शिक्षा में बाधा न बनें।
इस अवसर पर बच्चों को पठन-पाठन सामग्री वितरित कर उनके चेहरों पर मुस्कान लाने के साथ ही शिक्षा के प्रति उत्साह जगाने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम में संस्था अध्यक्ष योगेन्द्र कुमार साहू, पार्षद प्रीति आर्या, एकता कुमारी, अशोक कुमार, नवल आर्या, संध्या कुमारी, जानकी देवी, अमन कुमार, सुशील राय, सूरज कुम्हार, मुकेश कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
































