रानीखेत-खैरना मोटर मार्ग पर पन्याली के पास हुआ हादसा
CNE REPORTER, अल्मोड़ा। उत्तराखंड की खूबसूरत वादियों में घूमने का सपना लेकर आए हरियाणा के छह पर्यटकों का सफर उस समय खौफनाक हादसे में बदल गया, जब उनकी चलती कार अचानक आग की लपटों से घिर गई। देखते ही देखते आग का गोला बनी कार धू-धूकर जलने लगा और कार के भीतर बैठे यात्रियों में जान बचाने के लिए अफरा-तफरी मच गई। आग की विकराल लपटें उठती देख सभी छह पर्यटकों ने तत्काल वाहन से बाहर छलांग लगा दी। इस दौरान कुछ पर्यटकों को हल्की चोटें भी आईं। गनीमत रही कि सभी की जान बच गई, लेकिन कुछ ही देर में लाखों रुपये कीमत की कार जलकर पूरी तरह खाक हो गई। हादसे के बाद हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और मौके पर हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार हरियाणा के करनाल की बंगाली कॉलोनी निवासी प्रवीण कुमार शाह समेत छह पर्यटक रेनॉल्ट ट्राइबर सीएनजी कार (HR05 BJ 7012), वर्ष 2023 मॉडल से उत्तराखंड भ्रमण पर आए हुए थे। पर्यटकों ने सबसे पहले हरिद्वार में दर्शन किए। इसके बाद वे हल्द्वानी पहुंचे और वहां से रानीखेत-अल्मोड़ा की ओर घूमने के लिए रवाना हुए थे। शुक्रवार शाम रानीखेत-खैरना मोटर मार्ग पर पन्याली के समीप अचानक उनकी चलती कार से धुआं उठने लगा। इससे पहले कि वाहन सवार कुछ समझ पाते, आग ने तेजी से पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते कार आग की लपटों से घिर गई। स्थिति की गंभीरता भांपते हुए सभी छह पर्यटक वाहन से बाहर कूद पड़े और अपनी जान बचाई। घटनास्थल पर मौजूद राहगीरों ने इस भयावह दृश्य को मोबाइल कैमरों में कैद कर लिया।
हाईवे पर मचा हड़कंप, दोनों ओर वाहनों की लगी कतारें
बीच सड़क चलती कार में आग लगने से मार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार देखकर आसपास से गुजर रहे वाहन चालक भी रुक गए। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सुरक्षा के मद्देनजर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और हाईवे पर लंबा जाम लग गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल फायर सर्विस को सूचना दी, जिसके बाद रानीखेत फायर स्टेशन से दमकल टीम को मौके के लिए रवाना किया गया।
शाम 7:18 बजे मिली सूचना, दमकल कर्मियों ने संभाला मोर्चा
फायर स्टेशन रानीखेत से प्राप्त आधिकारिक जानकारी के अनुसार 13 नवंबर 2026 को शाम 7 बजकर 18 मिनट पर हल्द्वानी रोड के पास एक वाहन में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही फायर यूनिट तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचने पर वाहन संख्या HR05 BJ 7012 रेनॉल्ट ट्राइबर को आग की चपेट में पाया गया। दमकल कर्मियों ने बिना देरी किए होजरील की सहायता से आग बुझाने का अभियान शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। हालांकि तब तक कार बुरी तरह जल चुकी थी। फायर सर्विस की रिपोर्ट में घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं होने की पुष्टि की गई है।
ओवरहीटिंग या शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
प्रारंभिक जानकारी में वाहन के ओवरहीट होने अथवा शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इस घटना ने एक बार फिर वाहनों की तकनीकी जांच, विशेषकर सीएनजी वाहनों में सुरक्षा संबंधी सावधानियों की आवश्यकता को रेखांकित किया है।
इन दमकल कर्मियों ने संभाली जिम्मेदारी
घटनास्थल पर पहुंचकर आग बुझाने वाली फायर यूनिट में एलएफएम नरेश जोशी, संदीप सिंह, महिपाल सिंह तथा चालक रमेश सिंह शामिल रहे। दमकल कर्मियों की त्वरित कार्रवाई से आग पर नियंत्रण पाया गया और एक बड़ा हादसा टल गया।
































