╰┈➤ कांग्रेस कार्यालय में रही चहल-पहल, प्रभारियों की मौजूदगी में संगठनात्मक बिंदुओं पर गहन मंथन
सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय अल्मोड़ा में व्यापक चहल-पहल रही, जहां कांग्रेस के जिला प्रभारी एवं विधानसभा प्रभारियों के साथ जिले के वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पदाधिकारी जुटे। जिसमें संगठन की मजबूती और आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर गहन मंथन हुआ। प्रभारियों ने पार्टीजनों में जोश भरा और कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों, महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और आम जनता से जुड़े मुद्दों पर दमखम के साथ आवाज उठाएंं।
बूथ स्तर तक मजबूती का संकल्प

जिला कांग्रेस कमेटी की महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक बुधवार को यहां चौघानपाटा स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित हुई। जिसमें संगठन को सुदृढ़ करने और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर गहन मंथन हुआ। इसमें प्रमुख रूप से पहुंचे कांग्रेस के जिला कांग्रेस प्रभारी हेमंत बगड्वाल, अल्मोड़ा विधानसभा प्रभारी भगत डसीला, जागेश्वर विधानसभा प्रभारी गोपाल बिष्ट एवंं सोमेश्वर विधानसभा प्रभारी ललित बिष्ट ने व्यापक चर्चा करते हुए पार्टी की नीतियों एवं भावी कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। बैठक में पार्टी संगठन के ढांचे को बूथ एवं न्याय पंचायत स्तर तक प्रभावी बनाने का संकल्प लिया गया।
निष्ठा एवं सक्रियता से जुटें कार्यकर्ता
बैठक में जिला एवं विधानसभा प्रभारियों ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की असली ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। संगठन को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता को अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा और सक्रियता के साथ निभानी होगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों, महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और आम जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जनता के बीच जाकर मजबूती से आवाज उठानी होगी। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए पार्टी के हर पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता को अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा व सक्रियता से निभानी होगी। प्रभारियों ने कहा कि विधानसभा चुनाव-2027 कांग्रेस पार्टी के लिए महत्वपूर्ण हैं। इसमें सफलता को अभी से बूथ स्तर तक संगठन की मजबूती के लिए युवाओं, महिलाओं, पूर्व सैनिकों एवं समाज के हर वर्ग को संगठन से जोड़ा जाना है तथा जनता के बीच कांग्रेस की विचारधारा और जनहित की नीतियों को पहुंचाना जरूरी है।
जनविरोधी नीतियों के खिलाफत तेज हो
बैठक में मौजूद पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने अपने सुझाव प्रस्तुत किए तथा संगठन को मजबूत बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया। इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि विधानसभा क्षेत्रों में संगठन की गतिविधियों को गति दी जाए और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए, ताकि आगामी चुनाव में कांग्रेस पार्टी पूरी मजबूती के साथ जनता के बीच उतर सके। अंत में जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से संगठन की मजबूती के लिए एकजुट होकर कार्य करने तथा भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ संघर्ष तेज करने का आह्वान किया गया।
ये रही प्रमुख उपस्थिति
बैठक में जिला अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल, अल्मोड़ा के विधायक मनोज तिवारी, सोमेश्वर के पूर्व प्रत्याशी राजेंद्र बाराकोटी, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी, डॉ. अजय पाल, पूर्व जिला अध्यक्ष पीतांबर पांडे, नगर अध्यक्ष तारा चन्द्र जोशी, एसी प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष नवीन कोहली, किसान प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष दीवान राम, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष विक्रम फर्त्याल, सोशल मीडिया प्रभारी बीके पाण्डेय, ब्लॉक अध्यक्ष शिवराज नयाल, राजू भट्ट, बहादुर मेहता, रमेश भंडारी, राजेंद्र बिष्ट, ब्लॉक अध्यक्ष महिपाल प्रसाद, देवेंद्र सिंह बिष्ट, ब्लॉक अध्यक्ष आनंद सिंह बिष्ट आदि तमाम लोग मौजूद रहे।









