बच्चों के सर्वांगीण विकास को कल्पना मनराल ने दी नई उड़ान

0
बच्चों के सर्वांगीण विकास को कल्पना मनराल ने दी नई उड़ान
बच्चों के सर्वांगीण विकास को कल्पना मनराल ने दी नई उड़ान

बाल गृह और पुनर्वास केंद्र के बच्चों के लिए खेलकूद आयोजन

सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा। बच्चों के सर्वांगीण विकास, शारीरिक स्वास्थ्य और मानसिक स्फूर्ति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से खेल विभाग की ओर से राजकीय महिला कल्याण एवं पुनर्वास केंद्र, अल्मोड़ा में विभिन्न खेलकूद गतिविधियों का आयोजन किया गया। जिला प्रोबेशन अधिकारी कल्पना मनराल की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में बाल गृह किशोरी, शिशु सदन तथा राजकीय महिला कल्याण एवं पुनर्वास केंद्र में निवासरत बच्चों एवं संवासनियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।


ADVERTISEMENTS

कार्यक्रम के दौरान बच्चों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के साथ ही उनके अंदर छिपी प्रतिभा को निखारने और आपसी सहयोग एवं सहभागिता की भावना विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया। इस अवसर पर बच्चों के लिए योगाभ्यास, खो-खो, कुर्सी दौड़ सहित विभिन्न मनोरंजक एवं शारीरिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। बच्चों ने सभी गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पूरे उत्साह के साथ अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

आयोजित खेल गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को शारीरिक रूप से सक्रिय रहने, अनुशासन अपनाने, टीम भावना विकसित करने तथा खेलों के महत्व को समझने का अवसर मिला। प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने वाले बच्चों का उत्साह देखते ही बना। विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को खेल अधिकारी श्रीमती महेशी द्वारा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। पुरस्कार पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे और उनमें आगे भी ऐसी गतिविधियों में प्रतिभाग करने का उत्साह दिखाई दिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं जिला प्रोबेशन अधिकारी कल्पना मनराल ने बच्चों की सहभागिता और उत्साह की सराहना की। इस अवसर पर खेल अधिकारी श्रीमती महेशी, संबंधित संस्थाओं की अधीक्षिकाएं तथा समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। आयोजन को बच्चों के मनोरंजन के साथ-साथ उनके शारीरिक एवं मानसिक विकास की दिशा में एक सराहनीय पहल के रूप में देखा गया।

ADVERTISEMENTS