╰┈➤ जिले में जोश कार्यक्रम का शुभारंभ, ब्लाकों में टीमें गठित

सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: अब टीबी मुक्त भारत अभियान को पूर्ण सफल बनाने में युवा अहम् भूमिका निभाएंगे। संकल्प पर खरा उतरने के लिए अलख जगाने के लिए युवा शक्ति को आगे किया जाएगा। इसके लिए ‘जोश टीम’ नामक कार्यक्रम शुरू कर दिया गया है। गुरुवार को अल्मोड़ा जनपद में इस कार्यक्रम का शुभारंभ हो गया है।
बड़े लक्ष्य में युवा निभाएंगे अहम् भूमिका
आज गुरुवार को टीबी मुक्त भारत बनाने के संकल्प को मजबूती प्रदान करने तथा युवाओं को टीबी उन्मूलन अभियान से जोड़ने के लक्ष्य से ‘जोश टीम’ कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। राष्ट्रीय स्तर पर नई दिल्ली से लांच हुए इस कार्यक्रम का जनपद अल्मोड़ा में भी शुभारंभ कर दिया गया। इसके जरिये युवाओं, एनसीसी कैडेट्स, My Bharat Volunteers तथा समुदाय की सक्रिय भागीदारी की जाएगी और टीबी के प्रति जागरूकता बढ़ाने, सम्भावित टीबी मरीजों की पहचान करने एवं जांच के लिए प्रोत्साहित करने और समाज में टीबी के प्रति व्याप्त भ्रांतियों को दूर करने का काम तेजी से किया जाएगा।
ब्लाकों में जोश टीमें गठित
JOSH कार्यक्रम के तहत जनपद के प्रत्येक ब्लॉक में JOSH टीम का गठन कर लिया गया है, जिसमें ब्लॉक नोडल अधिकारी प्रथम श्रेणी के नेतृत्व में My Bharat Volunteer एवं NCC Cadets टीबी मुक्त भारत अभियान में बढ़कर अपनी भूमिका निभाएंगे। कार्यक्रम के शुभारंभ में सीएमओ डॉ. हरीश पंत ने किया। कार्यक्रम में वरिष्ठ जिला क्षय अधिकारी डॉ. प्रांशु डेनियल, टीबी मुक्त भारत अभियान के नोडल अधिकारी डॉ. दीपक कुमार शर्मा, चिकित्सा अधिकारी डॉ. पूनम भट्ट, एनसीसी की नोडल अधिकारी उमा तिवारी, ममता वर्मा, ज्योति शाह, रुचि जोशी, अंजलि, ललित जोशी, मनोज रावत, शरद मेहता, भूपाल मनराल एवं विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ उपचार पर्यवेक्षक आनन्द सिंह मेहता ने किया।









